विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सावधान! बाजार से गायब हुआ आपका पसंदीदा Amul Butter, कहीं आप नकली मक्खन तो नहीं खा रहे?

Published: Mon, 23 Nov 2026 03:49 PM (IST)

बरेली में पिछले तीन महीने से अमूल बटर की किल्लत चल रही है, जिससे उपभोक्ता और रेस्टोरेंट संचालक परेशान हैं। इस आपूर्ति संकट के कारण स्थानीय ब्रांडों की मांग बढ़ गई है और नकली मक्खन की आशंका पर खाद्य सुरक्षा विभाग जांच कर रहा है।

प्रतीकात्मक इमेज

प्रतीकात्मक इमेज

HighLights

  1. असली मक्खन नहीं मिलने से बाजार में लोकल ब्रांड की बढ़ी मांग

जागरण संवाददाता, बरेली। शहर में अमूल बटर की किल्लत से उपभोक्ताओं के साथ ही रेस्टोरेंट और खानपान का कारोबार करने वाले दुकानदार भी परेशान हैं। पिछले करीब तीन महीने से बाजार में अमूल बटर की आपूर्ति प्रभावित है। दुकानों पर तलाश करने के बावजूद लोगों को यह उपलब्ध नहीं हो पा रहा है।

ऐसे में उपभोक्ताओं को दूसरे ब्रांड और स्थानीय स्तर पर बिकने वाले मक्खन से काम चलाना पड़ रहा है। विक्रेताओं का कहना है कि अमूल के संकट के चलते अन्य ब्रांडेड कंपनियों का माल भी तेजी से बिक जा रहा है, जिससे सभी तक इसकी पहुंच नहीं है।

अमूल बटर का इस्तेमाल घरों में खाने के साथ ही रेस्टोरेंट, चाट और फास्टफूड की दुकानों पर बड़े पैमाने पर होता है। खासकर छोले-भटूरे, टिक्की, सैंडविच, दाल और अन्य खाद्य पदार्थ तैयार करने में इसकी मांग रहती है। बाजार से इसकी उपलब्धता ही मुश्किल हो गई है।

चौकी चौराहा पर चाट की दुकान चलाने वाले सोनू कश्यप ने बताया कि पिछले तीन महीने से अमूल बटर की नियमित आपूर्ति नहीं हो रही है। मजबूरी में दूसरे स्थानीय ब्रांड का इस्तेमाल करना पड़ रहा है।

छोले-भटूरे और मुरादाबादी दाल की दुकान चलाने वाले विश्वनाथ वर्मा ने बताया कि अमूल की टिक्की नहीं मिल पा रही है। ग्राहक भी इसके बारे में पूछते हैं। उन्होंने कहा कि अन्य कंपनियों का बटर सस्ता जरूर होता है लेकिन स्वाद में फर्क भी आ जाता है।

वहीं चौपुला स्थित दुकान संचालक मोहित पटेल ने बताया कि अमूल बटर के साथ घी की उपलब्धता भी प्रभावित है। दुकानदारों का कहना है कि मांग के अनुरूप आपूर्ति नहीं होने से उनका कारोबार प्रभावित हो रहा है।

वहीं उपभोक्ताओं को भी पसंदीदा ब्रांड नहीं मिल पा रहा है। अधिवक्ता आरपी जौहरी ने बताया कि अमूल बटर लंबे समय से नहीं मिल पा रहा है। वहीं नए स्टाक में मक्खन का दाम भी बढ़ गया है।

40 हजार किलो मक्खन जिले में हर महीने की जरूरत

अमूल बटर का स्थानीय स्तर पर उत्पादन नहीं होने से वितरकों तक माल नहीं पहुंच पा रहा है। जिले के मक्खन बाजार की बात की जाए तो अमूल का बाजार हिस्सा करीब 80 प्रतिशत बताया जा रहा है।

अन्य 20 प्रतिशत में मदर डेयरी, मधुसूदन, पतंजलि सहित अन्य स्थानीय उत्पाद उपलब्ध हैं। जिले में हर महीने करीब 40 हजार किलो मक्खन की खपत होती है।

स्टेडियम रोड स्थित वितरक नवीन गोयल ने बताया कि शहरी क्षेत्र में ही मक्खन की खपत ज्यादा है, ग्रामीण क्षेत्रों में यह नाम मात्र की ही खरीदा जा रहा है। कहा कि उत्पादन व वितरण प्रभावित होने का कोई स्पष्ट कारण नहीं बताया जा रहा है।

बताया कि अमूल का आधा किलो का मक्खन 235 रुपये का है, जबकि अन्य कंपनियों का 240 रुपये या ज्यादा कीमत में है। सीबीगंज स्थित वितरक उमाकांत गुप्ता ने बताया कि आपूर्ति संकट का बड़ा कारण है कि मिल्क फैट कंपनी को आसानी से नहीं मिल पा रहा है, जिससे समस्या बनी हुई है। गुजरात में प्लांट होने के चलते ट्रांसपोर्टेशन में भी दिक्कत हो रही है।

 

बाजार में मक्खन का संकट होने से नकली या अन्य अधोमानक उत्पाद की स्थिति को देखा जा रहा है। इसके लिए नियमित रूप से जांच का कार्य हो रहा है। जनता के स्वास्थ्य के साथ समझौता नहीं होने दिया जाएगा।

- राहुल सिंह, सहायक आयुक्त, खाद्य सुरक्षा विभाग, बरेली


यह भी पढ़ें- बरेली में बनेंगे 3 नए बस कॉरिडोर, हर 500 मीटर पर मिलेगा स्टॉप; एयरपोर्ट से जंक्शन तक दौड़ेंगी 370 बसें

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।