'विधानसभा जिताओ, 27 को लखनऊ आओ': बरेली एयरपोर्ट पर अखिलेश यादव ने दिए 2027 के गुरुमंत्र
अखिलेश यादव ने बरेली एयरपोर्ट पर सपा पदाधिकारियों से मुलाकात कर 2027 विधानसभा चुनाव जीतने का गुरुमंत्र दिया। उन्होंने कार्यकर्ताओं ...और पढ़ें

एयरपोर्ट पर सपा नेताओं से मिलते राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव। सौ. सपा
HighLights
सांसद नीरज से की गुफ्तगू, विधायक शहजिल इस्लाम को लेकर गए साथ
जागरण संवाददाता, बरेली। रामपुर से लखनऊ जाते समय बरेली एयरपोर्ट पर चेंजओवर के दौरान समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने प्रमुख पदाधिकारियों से मुलाकात की। सभी से एक ही बात दोहराया, विधानसभा जिताकर लाओ, कुछ टिकट के दावेदारों ने अपनी बात रखने की कोशिश की तो उनसे 27 अक्टूबर को लखनऊ आने की बात कही। इसी दिन भाजपा छोड़कर आए पूर्व सांसद धर्मेंद्र कश्यप के पार्टी में शामिल होने का कार्यक्रम तय हुआ है।
सुबह रामपुर जाते समय चेंजओवर के लिए 10 मिनट का समय निर्धारित था, उस समय तो वह किसी से नहीं मिले, लेकिन शाम को वापस लौटते समय एयरपोर्ट पर मौजूद पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और प्रमुख पदाधिकारियों से एक-एक कर मुलाकात की।
शिक्षक एमएलसी चुनाव को लेकर सचेत करते हुए हुए 2027 के विधानसभा चुनाव में पार्टी उम्मीदवारों को जिताने के लिए अभी से जुट जाने के निर्देश दिए।
उन्होंने 24 अक्टूबर को पुनरीक्षण अभियान के दौरान अपने-अपने बूथों और क्षेत्रों में पात्र लोगों के नए वोट बनवाने के लिए विशेष अभियान चलाने पर जोर दिया, ताकि कोई भी पात्र मतदाता मतदाता सूची में नाम दर्ज होने से वंचित न रह जाए।
टिकट के कुछ दावेदारों ने अपनी बात रखने की कोशिश की तो उन्हें रोक कर कहा कि 27 अक्टूबर को लखनऊ आओ, वहीं बात करेंगे। मौजूद पदाधिकारियों में अनुशासन देकखकर जिलाध्यक्ष शुभलेश यादव, महानगर अध्यक्ष शमीम खां सुल्तानी की पीठ थपथपाई।
जिला कोषाध्यक्ष अशोक यादव ने बुके देकर स्वागत किया। महानगर महासचिव पंडित दीपक शर्मा की पत्नी के निधन की जानकारी मिलने पर अखिलेश यादव ने दुख व्यक्त किया और कहा कि अब जब वह बरेली आएंगे तो उनके घर जरूर जाएंगे। विधायक शहजिल इस्लाम को वह अपने साथ लखनऊ ले गए।
अध्ययन के बाद ही फाइनल होंगे टिकट
एयरपोर्ट पर अखिलेश यादव ने सांसद नीरज मौर्य को अकेले में ले जाकर आगामी विधानसभा चुनाव में टिकट को लेकर चर्चा की। सांसद ने बताया कि हर सीट का अध्ययन करने के बाद टिकट दिए जाने पर चर्चा हुई है। बरेली जिले की सभी सीटों पर चुनाव जीतने का लक्ष्य निर्धारित कर उसी के अनुरूप तैयारी की जा रही है।
