बाराबंकी की हैदरगढ़ चीनी मिल में पेराई सत्र शुरू, 40 लाख क्विंटल गन्ना क्रशिंग का रखा टारगेट
बाराबंकी की हैदरगढ़ चीनी मिल में पेराई सत्र का शुभारंभ हुआ, जिसमें 40 लाख क्विंटल गन्ने की पेराई का लक्ष्य रखा गया है। मिल में अत्याधुनिक टिशू कल्चर लैब भी स्थापित की गई है।

हैदरगढ़ इकाई में शुक्रवार को पेराई सत्र का शुभारंभ करते जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह, अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति आयोग के अध्यक्ष बैजनाथ रावत, क्षेत्रीय विधायक दिनेश रावत और मिल के मुख्य महाप्रबंधक बीके यादव।
HighLights
हैदरगढ़ चीनी मिल में पेराई सत्र का हुआ शुभारंभ।
मिल ने 40 लाख क्विंटल गन्ने की पेराई का लक्ष्य रखा।
अत्याधुनिक टिशू कल्चर लैब से उन्नत बीज मिलेंगे किसानों को।
संवाद सूत्र, बाराबंकी। बलरामपुर चीनी मिल्स लिमिटेड की हैदरगढ़ इकाई में शुक्रवार को पेराई सत्र का शुभारंभ हुआ। जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह, अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति आयोग के अध्यक्ष बैजनाथ रावत, क्षेत्रीय विधायक दिनेश रावत और मिल के मुख्य महाप्रबंधक बीके यादव ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच डोंगा पूजन और हवन किया। सुबह 11:45 बजे डोंगा में गन्ना डालकर पेराई की शुरुआत की गई। मिल प्रबंधन ने इस सत्र में 40 लाख क्विंटल गन्ने की पेराई का लक्ष्य निर्धारित किया है।
शुभारंभ से पहले 25 और 26 नवंबर को डोंगा स्थल पर अखंड रामचरितमानस पाठ का आयोजन किया गया। अयोध्याधाम से आए पंडित अखिलेश वेदान्ती ने विधि-विधान से पूजन संपन्न कराया।
मुख्य महाप्रबंधक बीके यादव ने बताया कि मिल परिसर में देशस्तरीय अत्याधुनिक टिशू कल्चर लैब स्थापित की गई है। इसके माध्यम से कीट, विषाणु और बीमारियों से मुक्त उन्नत गन्ना बीज तैयार किया जा रहा है। किसानों को स्थानीय स्तर पर ही गुणवत्तापूर्ण बीज उपलब्ध कराया जाएगा। गन्ना विकास की विभिन्न योजनाओं के जरिए किसानों को उन्नत प्रजातियों की बुआई के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है।
मिल प्रबंधन का लक्ष्य किसानों को सरकार की ओर से निर्धारित गन्ना मूल्य का भुगतान तय समय से पहले करना है। किसान बलराम एप के माध्यम से गन्ना आपूर्ति और अन्य जानकारियां ऑनलाइन प्राप्त कर रहे हैं।
यह भी पढ़ें- नेपाल की राह होगी आसान, बाराबंकी में 400 करोड़ से बनेंगे दो थ्री-लेन पुल, सेतु निर्माण के लिए सरयू में उतरीं मशीनें
जिला गन्ना अधिकारी डा. दुष्यंत कुमार, गन्ना विकास समिति के चेयरमैन, हैदरगढ़ चेयरमैन आलोक तिवारी, सुनील सिंह, मुख्य प्रबंधक उपदेश शर्मा, उप महाप्रबंधक धर्मेश महरोत्रा, अपर महाप्रबंधक गिरिजेश श्रीवास्तव और मुख्य प्रबंधक सुरेशानन्द पाण्डेय मौजूद रहे।