देवा मेला बाराबंकी: 27 अक्टूबर से भव्य आयोजन, दर्शकों के लिए खास इंतजाम और अवैध वसूली पर रोक
बाराबंकी का ऐतिहासिक देवा मेला 27 अक्टूबर से 5 नवंबर तक आयोजित होगा, जिसमें दर्शकों के लिए रैंप और अवैध वसूली रोकने के इंतजाम किए गए हैं।

HighLights
देवा मेला 27 अक्टूबर से 5 नवंबर तक चलेगा।
दर्शकों के लिए रैंप और अवैध वसूली पर रोक।
सांस्कृतिक, खेल और मनोरंजन के विविध कार्यक्रम।
जागरण संवाददाता, बाराबंकी। सूफी संत हाजी वारिस अली शाह के पिता कुर्बान अली शाह की याद में लगने वाला देवा मेला इस बार दर्शकों के लिए आकर्षक होगा। वीआईपी आगे बैठते हैं और दर्शक पीछे से कलाकारों को नजदीक से नहीं देख पाते। ऐसे में डीएम ईशान प्रताप सिंह ने दर्शकों को ध्यान में रखते हुए दर्शक दीर्घा के मध्य रैंप बनाने का निर्णय लिया है।
कलेक्ट्रेट के लोक सभागार में रविवार को डीएम ने 27 अक्टूबर से पांच नवंबर तक चलने वाले देवा मेला के कार्यक्रमों की जानकारी दी। डीएम ने कहा दर्शक दीर्घा के बीच रैंप बनेगा, जिससे नामचीन कलाकार सीधे जनता के बीच पहुंच सकेंगे। दस दिन तक धार्मिक, साहित्यिक, खेल और मनोरंजन के कार्यक्रम होंगे।
तैयारियों में सुरक्षा और जनसुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता है। अवैध वसूली रोकने के लिए मजिस्ट्रेट तैनात रहेंगे। 27 अक्टूबर शाम पांच बजे डीएम की पत्नी रिया केजरीवाल शेख हसन मोहम्मद गेट पर फीता काटकर उद्घाटन करेंगी। सांस्कृतिक मंच पर स्थानीय कलाकार सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करेंगे।
सुगम संगीत और कव्वाली का श्रोता लेंगे आनंद
28 अक्टूबर को सुगम संगीत संध्या और इंडियन आईडल फेम मोहम्मद दानिश की म्यूजिकल नाइट से आगाज होगा। 29 को चादर अर्पण, कव्वाली और सीरतुन्नबी, 30 को भजन संध्या और मानस कार्यक्रम होगा।
31 अक्टूबर को अविनाश मिश्रा की गजल नाइट और सूफी ख्याल बैंड, एक नवंबर को कबीर कैफे बैंड की सूफी नाइट, दो नवंबर को आल इंडिया मुशायरा, तीन नवंबर को धरोहर और गूंज व कवि सम्मेलन, चार नवंबर को परिधान-ए-अवध फैशन शो के साथ जावेद अली की मेगा नाइट होगी। खेल में हाकी, कबड्डी, दंगल, वालीबाल, क्रिकेट, बैडमिंटन के साथ वाद-विवाद, निबंध, मेंहदी, रंगोली और बेबी शो होगा।
पांच को आतिशबाजी संग होगा समापन
पांच नवंबर को शाम चार बजे से स्मारिका विमोचन, प्रशस्ति पत्र वितरण और एसपी रवीना त्यागी की मौजूदगी में इको फ्रेंडली आतिशबाजी के साथ समापन होगा। डीएम ने कहा कि यातायात, पार्किंग, पेयजल, स्वास्थ्य, अग्निशमन और स्वच्छता के पुख्ता इंतजाम हैं।
दुकानदारों से अवैध वसूली नहीं होने दी जाएगी। शिकायत के लिए कंट्रोल रूम सक्रिय रहेगा। लखनऊ-चिनहट मार्ग पर लगने वाले जाम के लिए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कराने की भी बात डीएम ने की।
यह भी पढ़ें- तिगरी मेला के लिए 5KM में बसेगा तंबुओं का शहर, गंगा किनारे विश्वकर्मा समाज भी लगाएगा शिविर
यह भी पढ़ें- लखनऊ में गोमती तट पर 24 नवंबर से सजेगा कतकी मेला, टेंडर में 66 प्रतिशत से अधिक की वृद्धि
