विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बाराबंकी में देवा मेला का शानदार शुभारंभ: डीएम की पत्नी IAS रिया केजरीवाल ने फीता काटकर उड़ाए शांति के कबूतर

Published: Wed, 28 Oct 2026 04:38 PM (IST)

बाराबंकी में सूफी संत हाजी वारिस अली शाह के पिता कुर्बान अली शाह की याद में 10 दिवसीय देवा मेला शुरू हो गया है।

देवा मेले का फीता काटकर उद्धाटन करतीं आइएस रिया केजरीवाल। स्रोत: सूचना विभाग

देवा मेले का फीता काटकर उद्धाटन करतीं आइएस रिया केजरीवाल। स्रोत: सूचना विभाग

HighLights

  1. डीएम की पत्नी आईएएस रिया केजरीवाल ने किया उद्घाटन।

  2. शांति और सौहार्द का संदेश देने वाला मेला।

  3. सांस्कृतिक संध्या में कव्वाली और बिरहा की धूम।

जागरण संवाददाता, बाराबंकी। सूफी संत हाजी वारिस अली शाह के पिता कुर्बान अली शाह की याद में लगने वाला 10 दिवसीय मेला मंगलवार से शुरू हो गया। मेले का शुभारंभ शाम को पांच बजे शेख मोहम्मद हसन गेट पर फीता काटकर डीएम ईशान प्रताप सिंह की धर्मपत्नी आइएएस रिया केजरीवाल ने किया। उन्होंने शांति के प्रतीक कबूतर भी उड़ाए। कहा कि मेला उद्घाटन का मौका गौरव की बात है।

डीएम ने मेला का शांति और सौहार्द का संदेश देने वाला बताया। कहा कि मेलार्थियों की सुविधा का पूरा ध्यान रखा जाएगा। मेला कमेटी के विस्तारित कार्यालय का भी डीएम व अन्य अतिथियों ने लोकार्पण कर अवलोकन किया।

उद्घाटन के समय पीएसी बैंड के साथ शहनाई की धुन,और आतिशबाजी भी हुई। सभी अतिथियों ने मेला कमेटी के सदस्यों के साथ मेला क्षेत्र का भ्रमण किया। दुकानदार एसोसिएशन के लंबू भाई ने डीएम व उनकी पत्नी तथा एसपी रवीना त्यागी को बुके भेंट किया।

करीब पांच किलोमीटर की परिधि में फैले मेले में खरीदारी शुरू हो गई है। पशु बाजार में अच्छी नस्ल के जानवर आकर्षण का केंद्र हैं। दरगाह पर उर्स के कार्यक्रम भी शुरू हो गए।

मेला सचिव एडीएम निरंकार सिंह, संयुक्त मजिस्ट्रेट गुंजिता अग्रवाल मेला कमेटी सदस्य फवाद किदवई, संदीप सिन्हा, मृणालिनी सिंह, राय राजेश्वर बली, चौधरी असीरुद्दीन अशरफ, चौधरी फैज महमूद, चौधरी तालिब नजीब, सानिध्य बली, इकबाल मुबश्शिर किदवई सहित अन्य मौजूद रहे।

प्रथम सांस्कृतिक संध्या पर कव्वाली और भजन की धूम

दमेले की प्रथम सांस्कृतिक संध्या का शुभारंभ डीएम ईशान प्रताप सिंह ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। बहार सुगम संगीत प्रभाग के छात्रों ने गणेश वंदना की, फिर प्रभात नारायण दीक्षित ने तेरे जलवों के चर्चे सुन-सुनके... कव्वाली पेश की। शिवराजे बैंड ने बालीवुड मैशअप, अरुणोदय स्कूल की छात्राओं ने ऐ गिरि नंदिनी पर भाव नृत्य प्रस्तुत किया।

बिरहा की जुगलबंदी ने बांधा समां

देवा मेले में मक्का घराना अयोध्या व देवीदीन घराना फैजाबाद के बिरहा गायकों की जुगलबंदी ने समां बांध दिया। जवाबी बिरहा से श्रोता मंत्रमुग्ध हो गए। सुभाष साजन एंड पार्टी ने ''अजब है तेरी शान बशर...'' सुनाया, तो बालक राम ने ''तेरे भरोसे खड़ा हूं मां...'' गाकर वाहवाही लूटी। उस्ताद नुसरत अली समेत कई कलाकार मौजूद रहे।

दादा मियां की मजार पर पेश हुई चादर

मजार ट्रस्ट की ओर से बड़ेला स्थित सैयद कुर्बान अली शाह की मजार पर चादर समर्पण के साथ मजार के दीनी कार्यक्रमों का शुभारंभ मंगलवार को हो गया। हल्का फुकरा-ए-वारसी के सचिव हकीम साबिर शाह वारसी सहित अन्य अकीदतमंद मौजूद रहे।

नुमाइश मैदान स्थित दादा मियां की मजार पर सज्जादानशीन हाजी सैय्यद उस्मान गनी की ओर से चादर पेश की गई। वारिस सरकार के आस्ताने पर हाजिरी के बाद चादर जुलूस दादा मियां के आस्ताने पर पहुंचा। यहां चादर समर्पण के बाद फातिहा ख्वानी और शिजरा पढ़ा गया।

यह भी पढ़ें- ऐतिहासिक तिगरी मेला के लिए गंगा रोड का निर्माण शुरू, 5KM के दायरे में सजने लगा 'तंबुओं का शहर'

यह भी पढ़ें- देवा मेला बाराबंकी: 27 अक्टूबर से भव्य आयोजन, दर्शकों के लिए खास इंतजाम और अवैध वसूली पर रोक