ऐतिहासिक तिगरी मेला के लिए गंगा रोड का निर्माण शुरू, 5KM के दायरे में सजने लगा 'तंबुओं का शहर'
उत्तर भारत के प्रसिद्ध तिगरी गंगा मेले की तैयारियां तेज हो गई हैं, जिसमें सड़क निर्माण का कार्य शुरू हो गया है।

5KM के दायरे में सजने लगा 'तंबुओं का शहर'।
HighLights
तिगरी गंगा मेले की तैयारियां तेजी से शुरू हो गईं।
मेला स्थल पर गंगा रोड का निर्माण कार्य प्रारंभ।
दलदली जमीन के बावजूद सड़कों को दुरुस्त किया जा रहा।
जागरण संवाददाता, अमरोहा। उत्तर भारत के प्रसिद्ध तिगरी गंगा मेले की तैयारियों ने रफ्तार पकड़नी शुरू कर दी है। मंगलवार को मेला स्थल पर गंगा रोड के निर्माण का कार्य शुरू करा दिया गया।
वहीं, सदर रोड भी तैयार हो चुकी है। हालांकि, कुछ स्थानों पर दलदली जमीन सड़क निर्माण में बाधा बन रही है। मेला स्थल पर झूलों का सामान लेकर ट्रकों की आवाजाही शुरू होने के मद्देनजर रास्तों को दुरुस्त किया जा रहा है।
कार्तिक पूर्णिमा पर गंगा धाम तिगरी में लगने वाले इस मेले की उत्तर भारत में विशेष पहचान है। दिव्य और भव्य स्वरूप के लिए प्रसिद्ध इस मेले को उत्तर प्रदेश सरकार ने राजकीय मेले का दर्जा दिया है। मेले को लेकर प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां तेज कर दी गई हैं।
मेला की तैयारियां जोरों पर
पिछले दिनों जिलाधिकारी डॉ. नितिन गौड़ ने मेला समिति की बैठक लेकर संबंधित अधिकारियों को सभी व्यवस्थाएं समय से पूरी करने के निर्देश दिए थे। इसी क्रम में मंगलवार को गंगा रोड के निर्माण का काम शुरू कराया गया। मेला स्थल तक आवागमन सुगम बनाने के लिए सड़कों को तैयार किया जा रहा है, जिससे मेले में आने वाले श्रद्धालुओं और दुकानदारों को परेशानी न हो।

झूलों का सामान लेकर ट्रकों की आवाजाही के चलते भी रास्तों को दुरुस्त करना जरूरी हो गया है। शासन का प्रयास है कि मेला शुरू होने से पहले आवागमन की व्यवस्था बेहतर कर ली जाए।
इस बार मेले का क्षेत्रफल पिछले वर्ष के मुकाबले अधिक बताया जा रहा है। ऐसे में गंगा किनारे रेतीले मैदान में श्रद्धालुओं को तंबू लगाने के लिए अधिक जगह मिलने की उम्मीद है। हालांकि, कुछ स्थानों पर दलदल होने से सड़क निर्माण में दिक्कतें आ रही हैं। बावजूद मेला स्थल पर तैयारियों को निर्धारित समय में पूरा करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
