अयोध्या दीपोत्सव को लेकर बाराबंकी में सुरक्षा सख्त, दो राष्ट्रीय राजमार्गों पर पुलिस की निगरानी
बाराबंकी में अयोध्या दीपोत्सव के लिए सुरक्षा और यातायात प्रबंधन के विशेष इंतजाम किए गए हैं।

6 नवंबर से लखनऊ-अयोध्या और लखनऊ-सुल्तानपुर राजमार्गों पर भारी वाहनों का डायवर्जन होगा, जबकि चार पहिया वाहनों को अनुमति है।
HighLights
अयोध्या दीपोत्सव के लिए बाराबंकी में विशेष सुरक्षा व्यवस्था।
6 नवंबर रात 8 बजे से भारी वाहनों का मार्ग परिवर्तन।
श्रद्धालुओं की सुगम आवाजाही सुनिश्चित करने पर जोर।
संवाद सूत्र, बाराबंकी। अयोध्या में दीपोत्सव में शामिल होने जाने वालों की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर बाराबंकी में विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं। लखनऊ-अयोध्या और लखनऊ-सुलतानपुर राजमार्ग पर पुलिस की निगरानी बढ़ाई गई है। इन दोनों प्रमुख मार्गों से अयोध्या की ओर जाने वाले रास्तों पर यातायात का दबाव नियंत्रित रखने के लिए जिले में सात स्थानों पर डायवर्जन प्वाइंट बनाए गए हैं, जो छह नवंबर की रात आठ बजे से लागू होगा।
यहां से भारी वाहनों और ट्रैक्टर-ट्रालियों को वैकल्पिक मार्गों पर भेजा जाएगा। चार पहिया सवारी वाहनों को अनुमति दी गई है। इस दौरान मोबाइल कंपनियों को समुचित नेटवर्क सुनिश्चित करने को कहा गया है। जिससे बाहर से आने वाले पयर्टकों को नेट की समस्या न झेलनी पड़े।
लखनऊ से अयोध्या की ओर जाने वाले मार्ग पर कोतवाली नगर के चौपुला, सफदरगंज चौराहा, उचौली चौराहा, रामसनेहीघाट के भिटरिया चौराहे और लिलोन मोड़ समेत कई स्थानों पर व्यवस्था की गई है। यहां भारी वाहनों को रोककर रामनगर रोड, जरवल रोड और करनैलगंज की ओर भेजा जाएगा।रामसनेहीघाट में वाहनों को हैदरगढ़ होते हुए पूर्वांचल एक्सप्रेसवे की ओर डायवर्ट करने की व्यवस्था भी की गई है।
लखनऊ-सुलतानपुर राजमार्ग से जुड़े हैदरगढ़ क्षेत्र में बड़ा चौराहा, पुलिस चौकी और सराय चौबे पूर्वांचल अंडरपास पर भी भारी वाहनों का रास्ता बदला जाएगा। बदोसराय और असंद्रा क्षेत्र में भी निर्धारित स्थानों पर वाहनों को रोककर वैकल्पिक मार्गों से निकाला जाएगा।
श्रद्धालुओं की सुरक्षित आवाजाही पर जोर
टीएसआइ रामयतन यादव ने बताया कि दीपोत्सव के दौरान अयोध्या जाने वाले श्रद्धालुओं की आवाजाही सुचारु रखने और राजमार्गों पर जाम की स्थिति से बचने के लिए यह व्यवस्था की गई है। पुलिस निर्धारित स्थानों पर यातायात संभालेगी। भारी वाहन और ट्रैक्टर-ट्रालियों के चालक वैकल्पिक मार्गों से यात्रा करें, जबकि चार पहिया वाहनों पर इस डायवर्जन का प्रतिबंध लागू नहीं होगा।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।