विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दीपोत्सव: राम की अयोध्या वापसी की कहानी को मल्टीमीडिया प्रोजेक्शन और लेजर शो के जरिए देख पाएंगे जेन जी

Published: Tue, 03 Nov 2026 05:47 PM (IST)

इस बार 10वां दीपोत्सव जेन-जी को ध्यान में रखते हुए परंपरागत दीयों के साथ आधुनिक तकनीक का संगम प्रस्तुत करेगा। ...और पढ़ें

100 से अधिक कलाकारों का लाइव परफार्मेंस होगा।

100 से अधिक कलाकारों का लाइव परफार्मेंस होगा।

HighLights

  1. परंपरागत दीयों संग आधुनिक तकनीक का अद्भुत संगम

  2. मल्टीमीडिया प्रोजेक्शन, लेजर शो, ड्रोन शो मुख्य आकर्षण

  3. मोबाइल पर रामायण के 3डी दृश्य, एआर अनुभव

जागरण संवाददाता, अयोध्या। 10वां दीपोत्सव इस बार जेन-जी के रंग में रंगा नजर आएगा। परंपरागत दीयों की रोशनी के साथ आधुनिक तकनीक का संगम युवाओं को आकर्षित करेगा। पर्यटन विभाग की ओर से मल्टीमीडिया प्रोजेक्शन और लेजर-शो के साथ 100 से अधिक कलाकारों का लाइव परफार्मेंस होगा। राम की पैड़ी पर 7 नवंबर को होने वाले आयोजन में दीपों की आभा को कृत्रिम रोशनी, तकनीक और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ जोड़कर आगंतुकों के लिए विशेष अनुभव प्रस्तुत किया जाएगा। स्थानीय लोगों को ध्यान में रखकर ड्रोन शो का विशेष आयोजन दीपावली के अगले दिन नौ नवंबर को भी होगा।

पर्यटन व संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि दीपोत्सव में परंपरागत दीयों की रोशनी से जगमगाने वाली रामनगरी तकनीक और कला के अद्भुत संगम की भी साक्षी बनेगी। प्रभु श्रीराम के अयोध्या लौटने की कथा को प्रोजेक्शन मैपिंग, लेजर, एरियल एक्ट और कलाकारों की प्रस्तुतियों के माध्यम से जीवंत किया जाएगा। करीब 28 मिनट के शो में भारतीय परंपरा, आधुनिक तकनीक और मंचीय प्रस्तुतियों का समायोजन राम भक्तों के समक्ष रामायण के प्रसंगों को प्रस्तुत करेगा।

रामनगरी में 5 से 9 नवंबर तक मल्टीमीडिया प्रोजेक्शन और लेजर शो आकर्षण का केंद्र रहेंगे। पांच नवंबर को दो ट्रायल शो के साथ शुरुआत होगी, जबकि छह नवंबर को फुल ड्रेस रिहर्सल होगा। सात नवंबर को दीपोत्सव की संध्या पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के समक्ष विशेष प्रस्तुति दी जाएगी। आमजन के लिए तीन अतिरिक्त शो भी आयोजित होंगे। आठ नवंबर को दीपावली के दिन चार शो होंगे, हालांकि इनमें नृत्य कार्यक्रम शामिल नहीं होगा। 9 नवंबर को भी विशेष ड्रोन शो आयोजित होगा।

जेन-जी को लुभाएगा नया अंदाज

दीपोत्सव में मल्टीमीडिया प्रोजेक्शन और लेजर शो पिछले वर्षों में भी आकर्षण के केंद्र रहे हैं। इस बार पर्यटन विभाग ने जेन-जी की रुचियों को ध्यान में रखते हुए प्रस्तुति में नयेपन पर जोर दिया है। पिछले आयोजनों के विजुअल, संगीत, स्टोरीबोर्ड और एनिमेशन को दोहराने के बजाय नए कंटेंट के जरिए युवा सैलानियों को श्रीराम की आस्था और अयोध्या की विरासत से जोड़ने की तैयारी है।

फ्लोटिंग मंच पर कलाकारों की प्रस्तुति

राम की पैड़ी पर फ्लोटिंग मंच तैयार किया गया है। इस पर कलाकारों की प्रस्तुतियों के साथ तकनीकी प्रभावों का प्रदर्शन होगा। शो में 2-डी, 3-डी और मानव आधारित एरियल एक्ट के साथ लाइव और मूविंग प्रॉप्स का इस्तेमाल होगा। पूरी व्यवस्था में सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखा जाएगा।

100 से अधिक कलाकार दिखाएंगे रामायण के प्रसंग

मुख्य आयोजन में 100 से अधिक लोक और शास्त्रीय कलाकार प्रस्तुति देंगे। सभी कलाकारों की वेशभूषा दीपोत्सव की सांस्कृतिक और थीम आधारित होगी। कहानी, नृत्य, संगीत, वायस ओवर और प्रकाश प्रभावों के समन्वय से श्रीराम के अयोध्या आगमन की कथा क्रमबद्ध ढंग से प्रस्तुत की जाएगी।

मोबाइल पर दिखेंगे रामायण के दृश्य

जेन-जी काे ध्यान में रखते हुए रामायण के पांच 3-डी दृश्य मोबाइल पर दिखाने की तैयारी है। दीपोत्सव में दर्शकों को आगमेंटेड रियलिटी (एआर) का अनुभव भी मिलेगा। राम की पैड़ी क्षेत्र के लिए आइओएस और एंड्रायड एप तैयार किया जाएगा। मोबाइल से निर्धारित स्थान को स्कैन करने पर रामायण के पांच 3डी दृश्य वास्तविक परिवेश में दिखाई देंगे। दर्शक इन्हें रिकार्ड कर सोशल मीडिया पर साझा भी कर सकेंगे।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।