बाराबंकी में पंडाल में जहरीले नाग का दांत तोड़ना पड़ा भारी, सांप ने पिता-पुत्र को डसा; बेटे की आंख की रोशनी गई
बाराबंकी में जहरीले सांप का तमाशा दिखाना पिता-पुत्र को महंगा पड़ा। सांप पकड़ने वाले युवक को डसने के बाद, उसे ...और पढ़ें

जहरीले सांप ने पिता और पुत्र को डस लिया।
HighLights
युवक जहरीले सांप का दांत तोड़ने का प्रयास कर रहा था।
सांप ने पहले युवक को, फिर बचाने आए पिता को डसा।
पुत्र की आंखों की रोशनी गई, गंभीर हालत में रेफर किया।
प्रेम अवस्थी, बाराबंकी। जहरीले सांप को पकड़कर उसे तमाशा बनाने वाले पिता-पुत्र की जिंदगी ही रविवार की रात तमाशा बन गई। जहरीले काले नाग ने उसे पकड़ने वाले युवक को डंसा, उसे बचाने के चक्कर में युवक के पिता को डस लिया।
दोनों को जिला चिकित्सालय लाया गया, जहां पुत्र को एंटी स्नैक के 20 वॉयल लगाए गए फिर भी उसकी आंखों की रोशनी चली गई और गला रुंधने लगा तो गंभीर हालत में ट्रामा सेंटर लखनऊ रेफर किया गया वहीं पिता का इलाज जिला चिकित्सालय में चल रहा है।
मामला थाना सतरिख के ग्राम मुनक्कीपुरवा का है। यहां के रहने वाले महेश और उनका 26 वर्षीय पुत्र नौमीलाल दोनों सांप पकड़ लेते हैं।
नौमीलाल दाढ़ी व बाल बढ़ाए हुए सपेरों जैसा घूमा करता है, वह लोगों के घरों से सांप भी पकड़ता है। गांव के निकट ही एक पूजा पंडाल में वह रविवार की रात को जहरीला सांप बाग से पकड़कर ले गया। उसका तमाशा दिखाने लगा।
लोगों ने समझा कि सांप के जहरीले दांत तोड़ दिए होंगे, लेकिन उसने गांव के लोगों के सामने सांप के जहरीले दांत तोड़ने का प्रदर्शन करने की कोशिश की, तभी पकड़ ढीली पड़ते ही सांप फिसल कर हाथ से छूट गया और नौमीलाल के पांव में डस लिया। भागते सांप को पकड़ने की कोशिश नौमीलाल के पिता महेश ने की, तो उनके भी पांव में डस कर सांप निकल गया।
जिला चिकित्सालय में 20 वायल एंटी स्नेक के लगाए जाने के बावजूद नौमीलाल की हालत बिगड़ती गई, जबकि महेश की हालत में सुधार हुआ। महेश ने बताया कि नौमीलाल सांप पकड़ने का शौकीन था, थोड़ी सी चूक से हादसा हो गया। वहीं नौमीलाल की आंखों से दिखना बंद हो गया। उसका गला रुंधने से बोलती बंद हो गई। वह बार-बार उठकर बैठता और अपना सिर पटकता। उसे संभालना मुश्किल हो गया। तब रेफर कर दिया गया।
