विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बाराबंकी की हाईप्रोफाइल सोसाइटियों में छिप रहे अपराधी और भू-माफिया, अब पुलिस कराएगी वेरिफिकेशन

Published: Fri, 27 Nov 2026 03:49 PM (IST)

बाराबंकी की हाईप्रोफाइल सोसाइटियों में अपराधियों और भू-माफियाओं के छिपने की घटनाओं के बाद पुलिस ने किरायेदारों के सत्यापन का निर्णय लिया है।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल गूगल Gemini की मदद से बनाया गया है।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल गूगल Gemini की मदद से बनाया गया है।

HighLights

  1. बाराबंकी के आलीशान अपार्टमेंट में अपराधी बना रहे ठिकाना।

  2. किरायेदारों के सत्यापन के अभाव में अपराधी छिप रहे थे।

  3. पुलिस अधीक्षक ने किरायेदारों का सत्यापन कराने का निर्णय लिया।

संवाद सूत्र, बाराबंकी। आलीशान अपार्टमेंटों में किरायेदारों की आड़ में अपराधी भी अपना ठिकाना बना रहे हैं। बाहर से हाईप्रोफाइल दिखने वाली इन सोसाइटियों में कौन रह रहा है और उसकी गतिविधियां क्या हैं, इसकी जानकारी तक जिम्मेदारों को नहीं है। अब अपराधियों की बढ़ती सक्रियता को देखते हुए पुलिस ने यहां रहने वाले किरायेदारों का सत्यापन कराने का निर्णय लिया है।

लखनऊ-अयोध्या हाईवे पर स्थित शालीमार, मन्नत और वीआइपी अपार्टमेंट में बड़ी संख्या में लोगों ने निवेश के उद्देश्य से फ्लैट खरीद रखे हैं। खुद रहने के बजाय इन फ्लैटों को किराये पर उठा दिया गया है। इनमें सरकारी कर्मचारी, छात्र-छात्राएं और व्यापारी परिवारों के साथ साइबर अपराधी, भूमि माफिया और जालसाज भी शरण लिए हुए हैं। किरायेदारों की पहचान और पृष्ठभूमि की पड़ताल नहीं होने से अपराधियों को यहां छिपने का मौका मिल रहा है।

निवेशक बनकर सरकारी और किसानों की जमीन हड़पने वाला

अबू बकर उर्फ बाबा पठान ने भी यहां तीन फ्लैट किराये पर ले रखे थे। पुलिस ने उसके खिलाफ कार्रवाई शुरू की तो वह तीनों फ्लैट छोड़कर फरार हो गया। इसी तरह साइबर अपराधियों ने भी इन अपार्टमेंटों में अपनी पैठ बना रखी थी।

पुलिस के संज्ञान में उनकी गतिविधियां आने के बाद वे भी फरार हो गए। हाल ही में प्रतापगढ़ के दो सगे भाइयों को बैंक से नीलाम फ्लैट दिलाने के नाम पर लाखों रुपये ठग लिए गए। यह घटनाएं इन सोसाइटियों में सक्रिय जालसाजों की बानगी भर हैं। यही नहीं इसी तरह की एक वीआईपी कालोनी में जिले की सबसे बड़ी चोरी करीब 10 करोड रुपए की हुई थी। आरोपित भी यहां किराए के विला में ही रह रहा था।

यह भी पढ़ें- नेपाल की राह होगी आसान, 400 करोड़ से बनेंगे दो थ्री-लेन पुल, संजय सेतु निर्माण के लिए सरयू नदी में उतरीं मशीनें

इन घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक रवीना त्यागी ने अपार्टमेंटों में किराये पर रहने वाले परिवारों का पुलिस सत्यापन कराने की बात कही है। इसका उद्देश्य किरायेदारों की वास्तविक पहचान और पृष्ठभूमि की जानकारी जुटाना है, ताकि अपराधियों को सोसाइटियों में छिपने का सुरक्षित ठिकाना न मिल सके।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।