बाराबंकी में विदेश भेजने के नाम पर ठगे 1.20 लाख रुपये, पैसे मांगने पर मिली जान से मारने की धमकी
बाराबंकी में एक युवक से विदेश में नौकरी दिलाने के नाम पर 1.20 लाख रुपये की ठगी की गई। पैसे वापस मांगने पर जान से मारने की धमकी मिली, जिसके बाद न्यायालय के आदेश पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
-1795253845960_m.webp)
यह तस्वीर एआई द्वारा बनाई गई है।
HighLights
विदेश में नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी।
युवक से 1.20 लाख रुपये हड़पे गए।
पैसे मांगने पर जान से मारने की धमकी मिली।
संवाद सूत्र, बाराबंकी। विदेश में नौकरी दिलाने के नाम पर एक युवक से 1.20 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। आरोप है कि रुपये लेने के बाद न तो उसे दुबई भेजा गया और न ही रकम वापस की गई। बकाया धनराशि मांगने पर आरोपित ने जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने न्यायालय के आदेश पर आरोपित के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
लखपेड़ाबाग कालोनी निवासी जुल्फिकार अली अंसारी ने शिकायत में बताया कि दिल्ली की एबीसी इंटरनेशनल एसोसिएट्स और अभयवीर इंटरनेशनल एसोसिएट्स के संचालक अंजू शर्मा ने उन्हें दुबई में रोजगार दिलाने का भरोसा दिया था। इसके लिए उन्होंने आरोपित को 59 हजार रुपये आनलाइन और 61 हजार रुपये नकद दिए थे।
आरोप है कि रकम लेने के बाद भी उन्हें विदेश नहीं भेजा गया। रुपये वापस मांगने पर आरोपित टालमटोल करने लगा। फोन उठाना भी बंद कर दिया। आरोपित के कार्यालय पहुंचने पर जान से मारने की धमकी दी गई।
पीड़ित ने 18 सितंबर 2025 को पुलिस अधीक्षक से शिकायत की थी, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद न्यायालय में प्रार्थनापत्र दिया। कोतवाली पुलिस ने अंजू शर्मा के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया है। विवेचना वरिष्ठ उपनिरीक्षक धर्मेंद्र कुमार मिश्र को सौंपी गई है।