किसान पथ पर लापरवाही ने ली जान: संकेतक लगे होने के बावजूद खड़े ट्रक में घुसा वाहन, चालक की जलकर मौत
बाराबंकी के किसान पथ पर एक तेज रफ्तार स्क्रैप लदे ट्रक ने खड़े ट्रक में टक्कर मार दी, जिससे केबिन में आग लग गई। चालक अंदर फंस गया और जिंदा जलकर उसकी दर्दनाक मौत हो गई, जिसकी पहचान अभी नहीं हो पाई है।

बाराबंकी में दुर्घटना के बाद जलता ट्रक। जागरण
HighLights
किसान पथ पर खड़े ट्रक से टकराया तेज रफ्तार वाहन।
टक्कर के बाद ट्रक के केबिन में लगी भीषण आग।
चालक अंदर फंसा, जिंदा जलकर हुई दर्दनाक मौत।
संवाद सूत्र, बाराबंकी। किसान पथ पर शनिवार सुबह एक खड़े ट्रक ने चालक की जान ले ली। तेज रफ्तार स्क्रैप लदा ट्रक पीछे से खड़े ट्रक में जा घुसा। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रक के केबिन में आग लग गई। चालक अंदर ही फंस गया और जिंदा जलकर उसकी दर्दनाक मौत हो गई। करीब दो घंटे तक ट्रक आग की लपटों में घिरा रहा। दमकल टीम ने आग बुझाई तो केबिन से चालक के जले हुए अवशेष निकाले जा सके। उसकी पहचान नहीं हो सकी है।
हादसा शनिवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे माती के पास किसान पथ पर हुआ। ग्रामीणों के अनुसार अनाज लदा एक ट्रक पहिया खराब होने के कारण सड़क किनारे खड़ा था।
ट्रक ने पीछे से मारी टक्कर
चालक ने दुर्घटना से बचाव के लिए लाल संकेतक लगाया था। साथ ही कुछ दूरी पर टायर भी रखे थे। इसके बावजूद सीतापुर की ओर जा रहा स्क्रैप लदा दूसरा ट्रक खड़े वाहन को देख नहीं सका और पीछे से जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर के बाद स्क्रैप लदे ट्रक के केबिन में अचानक आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग ने पूरे केबिन को चपेट में ले लिया। अंदर फंसे चालक को बाहर निकलने तक का मौका नहीं मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दमकल टीम को बुलाया। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। तब तक ट्रक का केबिन पूरी तरह राख हो चुका था।
यह भी पढ़ें- यूपी चारा नीति: 450 हेक्टेयर में उगाया जाएगा हरा चारा, बाराबंकी की 105 गोशालाओं में सप्लाई से बढ़ेगी किसानों की आय
पुलिस ने ट्रक के पंजीयन नंबर के आधार पर पंजाब के ट्रांसपोर्टर से संपर्क किया, लेकिन चालक की पहचान नहीं हो सकी। हादसे के समय ट्रक में चालक अकेला था। उसके साथ कोई खलासी नहीं था। पुलिस मृतक की पहचान कराने का प्रयास कर रही है।