बाराबंकी में 17 नवंबर से परिषदीय विद्यालयों में अर्द्धवार्षिक परीक्षा, 3.50 लाख बच्चे होंगे शामिल
बाराबंकी जिले के परिषदीय विद्यालयों में 17 नवंबर से अर्द्धवार्षिक परीक्षाएं शुरू होंगी, जिसमें लगभग 3.50 लाख विद्यार्थी शामिल होंगे।

17 नवंबर से परिषदीय विद्यालयों में अर्द्धवार्षिक परीक्षा।
HighLights
17 नवंबर से शुरू होंगी अर्द्धवार्षिक परीक्षाएं।
3.50 लाख विद्यार्थी लेंगे परीक्षा में भाग।
कक्षावार लिखित-मौखिक मूल्यांकन की अलग व्यवस्था।
संवाद सूत्र, बाराबंकी। जिले के परिषदीय विद्यालयों में 17 नवंबर से अर्द्धवार्षिक परीक्षाएं शुरू होंगी। पांच दिन तक चलने वाली परीक्षा में जिले के 2628 परिषदीय विद्यालयों के करीब 3.50 लाख विद्यार्थी शामिल होंगे। परीक्षा में कक्षा के अनुसार लिखित और मौखिक मूल्यांकन की अलग-अलग व्यवस्था निर्धारित की गई है।
कक्षा एक के विद्यार्थियों की परीक्षा पूरी तरह मौखिक होगी। कक्षा दो और तीन में लिखित व मौखिक परीक्षा का अधिभार 50-50 प्रतिशत रहेगा। यानी 50 अंकों के मूल्यांकन में 25 अंक लिखित और 25 अंक मौखिक परीक्षा के होंगे।
वहीं, कक्षा चार और पांच में लिखित परीक्षा के 70 प्रतिशत यानी 35 अंक और मौखिक परीक्षा के 30 प्रतिशत यानी 15 अंक निर्धारित किए गए हैं। कक्षा छह से आठ तक के विद्यार्थियों की परीक्षा पूरी तरह लिखित होगी। इसमें प्रत्येक विषय का प्रश्नपत्र 50 अंकों का होगा।
लिखित परीक्षा में बहुविकल्पीय, अति लघु उत्तरीय, लघु उत्तरीय और दीर्घ उत्तरीय प्रश्न पूछे जाएंगे। इसके लिए दो घंटे का समय निर्धारित किया गया है। परीक्षाएं दो पालियों में सुबह साढ़े नौ बजे से साढ़े 11 और दोपहर साढ़े 12 बजे से ढाई बजे तक होंगी। 21 नवंबर को मौखिक परीक्षा और अन्य निर्धारित गतिविधियां कराई जाएंगी।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी नवीन पाठक ने बताया कि परीक्षा की तैयारियां की जा रही हैं। सभी विद्यालयों में निर्धारित समय सारिणी के अनुसार परीक्षा कराई जाएगी। प्रश्नपत्रों की छपाई और वितरण की व्यवस्था भी समय से पूरी कराई जाएगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।