बाराबंकी में 30 साल का आशियाना छूटा, सड़क किनारे खुले आसमान के नीचे गुजरी रात
बाराबंकी में एक परिवार को 30 साल बाद न्यायालय के आदेश पर अपने घर से बेघर होना पड़ा, जिसके बाद वे सड़क किनारे रात गुजारने को मजबूर हैं। परिवार ने डीएम से मदद की गुहार लगाई है, और तहसीलदार ने जांच कर सहायता का आश्वासन दिया है।
-1795150001084_m.webp)
यह तस्वीर एआई द्वारा बनाई गई है।
HighLights
न्यायालय के आदेश पर 30 साल बाद घर खाली कराया।
परिवार सड़क किनारे रहने को मजबूर, सामान बाहर पड़ा।
पीड़ित परिवार ने डीएम से मदद की गुहार लगाई।
संवाद सूत्र, रामसनेहीघाट (बाराबंकी)। करीब 30 साल जिस घर में परिवार ने जिंदगी गुजारी, बच्चों को पाला और उनके शादी-विवाह किए, अब उसी घर से बेघर होकर सड़क किनारे रात गुजारने की नौबत आ गई। दिलौना के गनई का पुरवा में न्यायालय के आदेश पर मकान खाली कराए जाने के बाद लल्लन का परिवार खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर है। घर का सामान सड़क पर रखा है और परिवार के सामने सिर छिपाने का ठिकाना तलाशने की चुनौती है।
रामसनेहीघाट के लालपुर निवासी लल्लन ने करीब 30 वर्ष पहले एक रिश्तेदार से गनई का पुरवा में एक बिस्वा जमीन खरीदी थी। बैनामा कराने के बजाय स्टांप पर लिखापढ़ी हुई थी। इसके बाद उन्होंने वहां कच्चा मकान बनाकर परिवार के साथ रहना शुरू कर दिया। इसी घर में बच्चों का बचपन बीता और परिवार के कई मांगलिक कार्यक्रम हुए।
लल्लन के अनुसार करीब आठ साल बाद जमीन बेचने वाले रिश्तेदार ने मकान खाली कराने के लिए न्यायालय में वाद दायर किया। करीब 22 साल तक चले मुकदमे के बाद न्यायालय ने मकान खाली करने का आदेश दिया। इसके अनुपालन में एक दिन पहले मकान खाली कराया गया। इसके बाद परिवार का गृहस्थी का सामान सड़क किनारे आ गया।
लल्लन ने जमीन में गड़े जेवरात निकाले जाने का आरोप भी लगाया है। लल्लन और उनकी पत्नी जाहिदा ने डीएम को प्रार्थना पत्र देकर मदद की गुहार लगाई है। तहसीलदार विपुल सिंह ने बताया कि लेखपाल को मौके पर भेजा गया है। परिवार के पास रहने की दूसरी व्यवस्था नहीं होने पर मदद कराई जाएगी।