विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बाराबंकी में दहेज में चेन, बाइक और एसी न मिलने पर दो दिन पहले तोड़ी शादी, चार पर दर्ज हुआ केस 

Published: Mon, 23 Nov 2026 09:14 AM (IST)

बाराबंकी में दहेज की मांग पूरी न होने पर शादी से दो दिन पहले वर पक्ष ने विवाह तोड़ दिया। पीड़ित पिता की शिकायत पर वर पक्ष के चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।

यह तस्वीर एआई द्वारा बनाई गई है।

यह तस्वीर एआई द्वारा बनाई गई है।

HighLights

  1. दहेज में सोने की चेन, बाइक, एसी की मांग।

  2. शादी से दो दिन पहले वर पक्ष ने इनकार किया।

  3. पीड़ित पिता की शिकायत पर चार पर मुकदमा।

संवाद सूत्र, बाराबंकी। शादी की तैयारियां पूरी थीं। घर में बेटी के विवाह को लेकर खुशियों का माहौल था। बारात आने का इंतजार हो रहा था, लेकिन दहेज की मांग पूरी न होने पर वर पक्ष ने शादी से दो दिन पहले ही विवाह से इनकार कर दिया। आरोप है कि दो तोला सोने की चेन, मोटरसाइकिल और एसी की मांग पूरी न होने पर बारात वापस लौटाने की धमकी दी गई। धमकी से काम नहीं चला तो विवाह के दो दिन पहले ही वर पक्ष ने इन्कार कर दिया। वधु पक्ष से पीड़ित पिता ने वर पक्ष के चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।

सुबेहा के एक गांव निवासी व्यक्ति ने बताया कि उनकी बेटी की शादी रायबरेली के लालगंज स्थित चचिहा निवासी अरविंद सिंह के साथ तय हुई थी। 20 नवंबर 2026 को विवाह की तिथि निर्धारित थी। 11 नवंबर को वह बेटी का तिलक लेकर वर पक्ष के घर गए। आरोप है कि तिलक के तीन-चार दिन बाद अरविंद के भाई अखिलेश सिंह ने फोन कर दो तोला सोने की चेन, मोटरसाइकिल और एक एसी की मांग की।

मांग पूरी न होने पर बारात लौटाने की धमकी दी गई। पीड़ित का आरोप है कि शादी की तारीख नजदीक आने के बावजूद वर पक्ष अपनी मांग पर अड़ा रहा। विवाह से दो दिन पहले शादी से इनकार कर दिया गया। इसको लेकर जब वर पक्ष के परिवारजन से बातचीत की गई तो अखिलेश सिंह, गुड़िया सिंह, बिट्टन सिंह और अरविंद सिंह ने गालीगलौज की और जान से मारने की धमकी दी।

पीड़ित ने पहले हेल्पलाइन 1076 पर भी शिकायत दर्ज कराई थी। इसके बाद सुबेहा थाने पहुंचकर कार्रवाई की मांग की। प्रभारी निरीक्षक बेचू सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर चारों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले में कठोर कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ें- बाराबंकी में विदेश भेजने के नाम पर ठगे 1.20 लाख रुपये, पैसे मांगने पर मिली जान से मारने की धमकी

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।