विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

डिजिटल अरेस्ट कर दी अश्लील फोटो वायरल करने की धमकी, 15000 देने के बाद डरी युवती ने फंदा लगाकर दी जान

Published: Thu, 17 Sep 2026 05:16 PM (IST)

डिजिटल अरेस्ट के नाम पर साइबर अपराधियों द्वारा धमकाए जाने और 15 हजार रुपये ऐंठने के बाद बाराबंकी की एक युवती ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।

News Article Hero Image

HighLights

  1. डिजिटल अरेस्ट के नाम पर युवती से 15 हजार रुपये ठगे गए।

  2. साइबर अपराधी अश्लील फोटो वायरल करने की धमकी दे रहे थे।

  3. धमकियों से परेशान होकर युवती ने घर में फांसी लगा ली।

संवाद सूत्र, सिरौलीगौसपुर (बाराबंकी)। डिजिटल अरेस्ट के नाम पर धमका कर युवती से 15 हजार रुपये ऐंठ लिए गए। रकम देने के बाद भी साइबर अपराधी की मांग नहीं रुकी। ऊपर से अश्लील फोटो प्रसारित करने और पुलिस कार्रवाई की धमकी दी गई।

इससे घबराई युवती ने बुधवार देर रात घर के कमरे में फांसी लगाकर जान दे दी। परिवारजन ने मोबाइल खंगाला तो उसमें साइबर अपराधी से हुई वाट्सएप काल की डिटेल मिली। जनसेवा केंद्र के माध्यम से 15 हजार रुपये आनलाइन भेजे जाने का विवरण भी परिवार के पास है।

कोतवाली बदोसराय के किंतूर गांव निवासी सोनी का शव बुधवार देर रात घर के कमरे में दुपट्टे के फंदे से लटकता मिला। शव देखते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। पुलिस ने घटना स्थल का निरीक्षण करने के साथ परिवारजन के बयान लिए। घर में सोनी की मां और बड़ा भाई आशीष कुमार रहते हैं।

आशीष कुमार के मुताबिक, घटना के बाद आशंका होने पर घर में मौजूद मोबाइल फोन देखा गया। उसमें कई वाट्सएप काल आने की जानकारी मिली। जांच करने पर पता चला कि सोनी ने घर से 15 हजार रुपये लेकर जनसेवा केंद्र के माध्यम से सुमित सिंह नाम के व्यक्ति को आनलाइन भेजे थे। परिवारजन का आरोप है कि रकम भेजने के बाद भी साइबर अपराधी लगातार रुपये मांगता रहा। इसके बाद भी वह वाट्सएप काल करता रहा।

फोटो वायरल करने की धमकी से बढ़ी घबराहट

लखनऊ में रहने वाले मृतका के सौतेले भाई ओम प्रकाश ने बताया कि काल करने वाला सोनी को अश्लील फोटो प्रसारित करने और पुलिस कार्रवाई की धमकी दे रहा था। रुपये की मांग पूरी न कर पाने पर फोटो प्रसारित होने के डर से वह बेहद परेशान थी। परिवारजन का आरोप है कि इसी दबाव में उसने आत्मघाती कदम उठाया। ओम प्रकाश के अनुसार, मामले में शुक्रवार को पुलिस को तहरीर दी जाएगी।

यह भी पढ़ें- चित्रकूट में सरयू नदी की खोज के लिए सैटेलाइट और रोवर तकनीक का सहारा लेगा विभाग, होगा वैज्ञानिक सर्वे

पहली धमकी भाई को, अगली काल पर बहन ने उठाया फोन

ओम प्रकाश ने बताया कि घर में एक ही मोबाइल फोन है। 15 सितंबर को पहली काल आई थी, जिसे आशीष ने रिसीव किया था। काल करने वाले ने धमका कर फोन काट दिया था। अगले दिन आशीष घर पर नहीं था। इसी दौरान सोनी ने फोन उठाया और उसके बाद वह साइबर अपराधी के संपर्क में आ गई।

यह भी पढ़ें- यूपी में जमीन फाड़कर निकाला जाएगा पानी का खजाना: कानपुर से प्रयागराज के बीच मिली 200 KM लंबी प्राचीन नदी

कोतवाली प्रभारी निरीक्षक राम अवतार ने बताया कि परिवारजन की ओर से पुलिस को साइबर अपराध या डिजिटल अरेस्ट से संबंधित कोई जानकारी नहीं दी गई है। सीओ गरिमा पंत ने बताया कि शिकायत मिलने पर मामले की जांच की जाएगी।