विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पढ़े-लिखे वोटरों के भी स्वगणना में छूटे पसीने, 40 प्वाइंट्स बने मुसीबत; यूपी के गांवों में कैसे होगा जनगणना का काम?

Published: Tue, 17 Nov 2026 06:53 PM (IST)

बाराबंकी में जनगणना की स्वगणना में पढ़े-लिखे लोग और जनप्रतिनिधि भी तकनीकी दिक्कतों, वेबसाइट और नेटवर्क समस्याओं के कारण उलझ रहे हैं।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल गूगल Gemini की मदद से बनाया गया है।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल गूगल Gemini की मदद से बनाया गया है।

HighLights

  1. पढ़े-लिखे लोग और जनप्रतिनिधि भी स्वगणना में उलझ रहे हैं।

  2. वेबसाइट, नेटवर्क और दस्तावेज़ों की कमी से समस्याएँ बढ़ीं।

  3. गांवों में जनगणना कार्य पूरा करने पर चिंता व्यक्त की गई।

संवाद सूत्र, बाराबंकी। जनगणना की स्वगणना में पढ़े-लिखे लोग भी उलझ रहे हैं। हाल यह है कि सांसद व नगर पालिका अध्यक्ष जैसे जनप्रतिनिधि भी खुद स्वगणना नहीं कर सके। कर्मचारियों को जाकर उन्हें स्वगणना करानी पड़ी, उसमें भी दो दिन लग गए। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि जब शहर के पढ़े-लिखे और जनप्रतिनिधि ही स्वगणना में अटक रहे हैं, तो गांव-गिरांव में प्रगणकों को कितना पसीना बहाना पड़ेगा।

आनलाइन 40 बिंदुओं को भरने में एक तो समय लग रहा है, दूसरे वेबसाइट भी ठीक से नहीं चल रही है। सांसद तनुज पुनिया व नगर पालिका अध्यक्ष शीला सिंह के परिवार की स्वगणना का डाटा कर्मचारियों को फीड कराने में दो दिन लग गए।

सांसद तनुज पुनिया ने कहा कि सोमवार को साइट चलने में तकनीकी समस्या थी, इसलिए डाटा फीड नहीं हो सका था। नगर पालिका अध्यक्ष शीला सिंह ने बताया कि दूसरे दिन डाटा फीड हुआ। ऐसे में गांवों में ज्यादा समस्या होगी।

हरख ब्लाक के बरेहटा के पूर्व प्रधान राम प्रसाद का कहना है कि उनके गांव में किसी भी कंपनी का नेटवर्क ठीक से नहीं मिलता। ऐसे में आनलाइन काम में समस्या होगी। जिन गांवों के लोग रोजी-रोजगार के सिलसिले में दूसरे स्थानों पर रहते हैं, उनके घर के सदस्यों का आधार कार्ड, बैंक अकाउंट डिटेल और सही जन्म तिथि एक साथ मिल पाना मुश्किल होता है।

यह भी पढ़ें- हावड़ा-अमृतसर मेल के एसी बोगी का शीशा टूटने से हड़कंप, पत्थरबाजी की आशंका के बाद जांच शुरू

मंगलवार को नामित सभासद एवं भाजपा महिला मोर्चा अध्यक्ष रामेश्वरी त्रिवेदी की स्वगणना कराने में करीब एक घंटा लग गया क्योंकि वेबसाइट ही नहीं चली। सभासद पंकज मिश्रा के यहां भी आधा घंटा लगा।

करीब तीन सौ लोग रेलवे स्टेशन, बस स्टेशन, लेबर अड्डा जैसे स्थानों पर रहते हैं। उनके पास अपना मोबाइल नंबर भी नहीं है। इनकी जानकारी भरना मुश्किल काम होगा। तकनीकी दिक्कत, नेटवर्क की कमी और दस्तावेजों की अनुपलब्धता ने इस काम को और कठिन बना दिया है। प्रगणकों को एक दिसंबर से घर-घर जाकर लोगों की जनगणना करनी होगी तभी यह काम पूरा होगा।

पहले दिन स्वगणना कुछ दिक्कतें रहीं, लेकिन दो दिन में करीब 1600 लोगों ने स्वगणना कर ली है। प्रगणक स्वगणना में मदद कर रहे हैं, क्योंकि जिनकी स्वगणना हो जाएगी उनका डाटा वह एक दिसंबर को आसानी से फीड कर सकेंगे, तब उन्हें मेहनत नहीं करनी होगी।
-निरंकार सिंह, एडीएम बाराबंकी

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।