विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

देश के IIT लैब्स में इंटर्नशिप करने और स्कॉलरशिप का सुनहरा अवसर, 15 अक्टूबर तक करें रजिस्ट्रेशन

Published: Sun, 11 Oct 2026 05:23 PM (IST)

राष्ट्रीय विज्ञान प्रतिभा खोज परीक्षा 'विज्ञान मंथन' छात्रों को वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करने और आईआईटी लैब में इंटर्नशिप का अवसर प्रदान कर रही है।

इस फोटो को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।

इस फोटो को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।

HighLights

  1. आईआईटी लैब में इंटर्नशिप का अनूठा अवसर।

  2. राष्ट्रीय स्तर पर नकद पुरस्कार और छात्रवृत्ति।

  3. कक्षा 6-11 के छात्र 15 अक्टूबर तक करें आवेदन।

जागरण संवाददाता, बांदा। विज्ञान के प्रति रुचि रखने वाले छात्र-छात्राओं में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, तार्किक क्षमता और अनुसंधान की प्रवृत्ति विकसित करने के उद्देश्य से राष्ट्रीय स्तर की प्रतिष्ठित विज्ञान प्रतिभा खोज परीक्षा ‘विज्ञान मंथन’ का आयोजन किया जा रहा है।

इस बार परीक्षा की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसमें विजेता बनने वाले विद्यार्थियों को देश की प्रतिष्ठित भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) की अत्याधुनिक प्रयोगशालाओं में काम करने और वैज्ञानिकों के सानिध्य में सीखने का अनोखा अवसर मिलेगा।

मंडल के चारों जिलों में छह से 12वीं तक के 1762 विद्यालय संचालित हैं, जिसमें माध्यमिक शिक्षा परिषद के 539 व बेसिक शिक्षा परिषद के 1082 और अन्य बोर्ड के 141 निजी विद्यालय शामिल हैं।

शहर व ग्रामीण अंचलों में बहुत सी प्रतिभाएं छिपी हैं, बस उन्हें दिशा देने की जरूरत है। इन्हीं प्रतिभाओं को निखारने के लिए राष्ट्रीय स्तर की प्रतिष्ठित विज्ञान प्रतिभा खोज परीक्षा ‘विज्ञान मंथन’ का आयोजन किया जा रहा है।

यह परीक्षा विज्ञान भारती (वीआइबीएचए), राष्ट्रीय शैक्षिक अनुसंधान और प्रशिक्षण परिषद (एनसीआरटी) और राष्ट्रीय विज्ञान संग्रहालय परिषद (एनसीएसएम) की ओर से संयुक्त रूप से आयोजित की जा रही है। कक्षा छह से लेकर 11वीं तक के सभी विद्यार्थी इसमें भाग ले सकते हैं। परीक्षा में भाग लेने के लिए विद्यार्थियों को 15 अक्टूबर तक ऑनलाइन पंजीकरण कराना होगा।

पंजीकरण की प्रक्रिया विज्ञान भारती की आधिकारिक वेबसाइट पर शुरू हो गई है। इस परीक्षा का मुख्य उद्देश्य स्कूली स्तर पर ही बच्चों में विज्ञान के प्रति जिज्ञासा पैदा करना, महान भारतीय वैज्ञानिकों के योगदान से परिचित कराना और उन्हें भविष्य के वैज्ञानिक के रूप में तैयार करना है।

इनाम के साथ बड़े वैज्ञानिकों के साथ काम करने का मौका

राज्य और जोनल स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थी को पांच हजार रुपये, द्वितीय को तीन हजार रुपये और तृतीय को दो हजार रुपये नकद पुरस्कार दिया जाएगा। राष्ट्रीय स्तर पर प्रथम आने वाले छात्र को 25,000 रुपये नकद, द्वितीय को 15,000 रुपये और तृतीय को 10,000 रुपये के साथ एक साल तक प्रतिमाह दो हजार रुपये की छात्रवृत्ति दी जाएगी। साथ ही सीएसआइआर या आईआईटी की अत्याधुनिक लैब में दो से तीन सप्ताह की इंटर्नशिप में बड़े वैज्ञानिकों के साथ प्रोजेक्ट पर काम करने का मौका मिलेगा।

आज के समय में जब दुनिया आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, रोबोटिक्स और अंतरिक्ष विज्ञान की ओर बढ़ रही है, ऐसे में बच्चों को बचपन से ही विज्ञान से जोड़ना जरूरी है। विज्ञान मंथन इसी दिशा में एक सार्थक प्रयास है। आवेदन 15 अक्टूबर तक करने होंगे। -राजेश कुमार वर्मा, संयुक्त शिक्षा निदेशक, माध्यमिक शिक्षा, चित्रकूट धाम मंडल, बांदा।

यह भी पढ़ें- बदायूं जिला अस्पताल में मेडिकल क्लेम प्रक्रिया हुई ऑनलाइन, अब पोर्टल पर अपलोड करने होंगे बिल

यह भी पढ़ें- यूपी पुलिस SI भर्ती 2025 मामले में इलाहाबाद HC का बड़ा फैसला, उत्तरकुंजी को चुनौती देने वाली याचिकाएं खारिज