खुशखबरी...CM जनता सेवा बसों का घटा किराया, विभाग ने चालकों और परिचालकों का मानदेय बढ़ाया
उत्तर प्रदेश सरकार ने ग्रामीण परिवहन को सुदृढ़ करने के लिए मुख्यमंत्री जनता सेवा योजना के तहत बसों के चालकों ...और पढ़ें
-1770545316472_m.webp)
HighLights
चालक-परिचालक मानदेय में 14 पैसे प्रति किमी की वृद्धि।
ग्रामीण यात्रियों को 20% कम किराये पर सुगम यात्रा।
योजना से ग्रामीण क्षेत्रों में कनेक्टिविटी और सुविधाएं बेहतर।
जागरण संवाददाता, बांदा। सरकार ने ग्रामीण अंचलों में सार्वजनिक परिवहन को अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। उत्तर प्रदेश परिवहन निगम ने मुख्यमंत्री जनता सेवा योजना के अंतर्गत चल रही बसों के संचालन के लिए चालकों व परिचालकों को दिए जाने वाले मानदेय में 14 पैसे प्रति किलोमीटर की वृद्धि की है।
यह निर्णय तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है। इस फैसले से एक ओर जहां ग्रामीण क्षेत्रों में बस संचालन से जुड़े कर्मियों को आर्थिक रूप से मजबूती मिलेगी, वहीं दूसरी ओर आम ग्रामीण यात्रियों को कम किराये में सुरक्षित और सुगम परिवहन सुविधा निरंतर उपलब्ध होती रहेगी।
मंडल के चारों जिलों में स्थित परिवहन निगम के पांच डिपो से 490 रोडवेज बसों का संचालन विभिन्न रूटों पर किया जाता है। इसमें 50 मुख्यमंत्री जनता बसों से ग्रामीणों अंचलों तक संचालन किया जाता है। जिसमें बांदा 13, महोबा में 16, हमीरपुर में 13, राठ में आठ बसें शामिल हैं। चित्रकूट डिपाे में अभी किसी भी जनता बस का संचालन नहीं हो रहा है।
यह भी पढ़ें- ताखा में जल्द शुरू होगा लिंक एक्सप्रेस-वे का निर्माण कार्य, भाजपा जिलाध्यक्ष ने साफ की तस्वीर
सरकार इन बसों के चालक व परिचालकों के मानदेय में बढ़ोत्तरी की है। अब तक मुख्यमंत्री जनता सेवा के अंतर्गत संविदा चालकों और परिचालकों को 2.18 रुपये प्रति किलोमीटर की दर से भुगतान किया जा रहा था। अब यह दर बढ़ाकर 2.32 रुपये प्रति किलोमीटर कर दी गई है। मानदेय में की गई यह वृद्धि बस संचालकों और सेवा प्रदाताओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाएगी, जिससे ग्रामीण मार्गों पर बसों का नियमित, सुरक्षित और सुचारु संचालन सुनिश्चित किया जा सकेगा।
दरअसल गांव तक की यात्रा करने में चालक व परिचालकों को विभिन्न प्रकार की कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। अच्छी सड़कें न होने से धीमी गति से वाहन का आवागमन समेत कई समस्याएं होती है। इन ग्रामीणों अंचलों तक जाने में चालक व परिचालकों को प्रोत्साहन देने के लिए सरकार का कदम सराहनीय है।
20 प्रतिशत कम किराया में ग्रामीण यात्रियों को सुगम सफर
मुख्यमंत्री जनता सेवा योजना के अंतर्गत संचालित बसों का किराया साधारण बसों की तुलना में लगभग 20 प्रतिशत कम रखा गया है। इसका सीधा लाभ ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले यात्रियों को मिल रहा है, जिन्हें कम किराये में अपने गंतव्य तक पहुंचने की सुविधा उपलब्ध हो रही है। इससे ग्रामीण अंचलों में रहने वाले नागरिकों को भी शहरी क्षेत्रों के समान किफायती और सुलभ परिवहन सुविधाएं मिल रही है।
गांव से शहर तक के सुगम सफर से सुविधाएं हो रहीं बेहतर
योजना ग्रामीण परिवहन को सशक्त बनाने की दिशा में योगी सरकार का एक बड़ा और प्रभावी कदम मानी जा रही है। इस योजना से ग्रामीण इलाकों में न केवल आवागमन आसान हुआ है, बल्कि शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और बाजार तक पहुंच भी बेहतर हुई है।
अब गांव के लोग आसानी से शहर तक आकर अपने विभिन्न कारोबार, काम धाम निपटाने के बाद समय से गांव तक आसानी से पहुंच रहे हैं। इसमें सबसे बड़ी बात है कि किराया भी 20 प्रतिशत कम देना पड़ रहा है।
जनता सेवा के चालक व परिचालकों का मानदेय बढ़ाया गया है। वहीं 20 प्रतिशत कम किराया भी जनता बसों में लग रहा है। इससे ग्रामीण अंचलों तक की सेवाएं बेहतर हो रही हैं। -संदीप अग्रवाल, आरएम, चित्रकूट धाम मंडल, बांदा
बसों की स्थिति एक नजर में
| जिला | जनता बसें |
|---|---|
| बांदा | 13 |
| महोबा | 16 |
| हमीरपुर | 13 |
| राठ | 8 |
| चित्रकूट | 00 |
| योग | 50 |
