नौंवी शताब्दी में पड़ी थी कालिंजर मेले की नींव, फिर हुआ पांच दिवसीय कार्तिक पूर्णिमा के मेले का आगाज
कालिंजर दुर्ग में नौवीं सदी से लगने वाला ऐतिहासिक कार्तिक पूर्णिमा मेला 23 से 27 नवंबर तक चलेगा, जिसमें भगवान कार्तिकेय के जन्मोत्सव और भगवान नीलकंठ की पूजा होती है। इस वर्ष मेले की तैयारियां पूरी हैं, लेकिन पेयजल जैसी कुछ समस्याओं का सामना दुकानदारों और श्रद्धालुओं को करना पड़ रहा है।
-1795506327686_m.webp)
HighLights
नौवीं सदी से कालिंजर में कार्तिक पूर्णिमा मेले की नींव।
भगवान कार्तिकेय जन्मोत्सव, नीलकंठ महादेव की पूजा का महत्व।
मेले में विशाल दंगल, पुरातत्व विभाग की शुल्क छूट।
संवादसूत्र, कालिंजर। नौंवी सदी में कालिंजर में कार्तिक पूर्णिमा पर मेले की नींव पड़ी थी । ऐतिहासिक एवं अजेय दुर्ग में लगने वाला कार्तिक पूर्णिमा का मेला भगवान कार्तिकेय के जन्म उत्सव के रूप में लगता है । भगवान शिव - माता पार्वती के बड़े पुत्र का जन्म कार्तिक मास की पूर्णिमा को हुआ था उसी उपलक्ष्य में कार्तिक पूर्णिमा का मेला लगता है।
इस वर्ष 24 नवंबर को पूर्णिमा है । मेला एक दिन पहले 23 नवंबर से भोले के भक्त रात्रि में दुर्ग के ऊपर विश्राम कर सुबह से दुर्ग के ऊपर बने तालाबों में स्नान कर भगवान नीलकंठ माता पार्वती व भगवान कार्तिकेय का पूजन -अर्चना कर अपने को धन्य मानते हैं । यह मेला पांच दिनों तक चलता है । 23 तारीख से 27 तारीख तक चलेगा मेले में 26 तारीख को विशाल दंगल का आयोजन होगा।
कालिंजर बांदा जिले का ऐतिहासिक दुर्ग अपनी अजेयता कला धरोहर, वास्तु एवं मूर्तिकला में अद्वितीय है । इसकी गणना चंदेलों के आठ प्रमुख दुर्गों में की जाती है। यह दुर्ग अपने धार्मिक एवं सामरिक दुर्ग विन्यास के कारण विश्व विख्यात है । यह दुर्ग मोटी - मोटी त्रिस्तरीय प्राचीरों से घिरा है । भगवान नीलकंठ यहां के प्रमुख देवता हैं। इतिहासकारों का कहना है कि पद्मपुराण के अनुसार समुद्र मंथन के पश्चात निकले विष का पान करने के बाद भगवान शंकर को कालिंजर किले में शांति मिली थी।
तभी से वह नील कंठेश्वर कहलाए । पद्मपुराण में यह भी उल्लेख है कि कार्तिक मास कि पूर्णिमा में जो लोग यहां आ कर रात्रि विश्राम करते हैं। यहां के जलाशयों में स्नान कर भगवान नीलकंठ का जलाभिषेक कर दर्शन करते हैं उन्हें एक करोड़ गोदान का पुण्य मिलता है। कालिंजर नरेश राजा परिर्मादिदेव के मनिवत्सराज कृत छह नाटक यहां प्रस्तुत किए गए थे । यह रुपक - षटकम के नाम से प्रकाशित भी है। कालिंजर प्रधान दयाराम सोनकर ने बताया कि मेले में सफाई व रोशनी कि पर्याप्त व्यवस्था कर दी गई है।
दुर्ग में लगने वाले शुल्क में भी भारतीय पुरातत्व विभाग के द्वारा दो दिनों की छूट दी गई है यह छूट 24 और 25 नवंबर को को रहेगी । एसडीएम नवीन प्रसाद ने बताया कि मेला की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं,जन सुविधाओं का पूरा ध्यान रखा जा रहा है।
समस्याओं का नहीं हुआ निस्तारण
ऐतिहासिक कार्तिक दुर्ग की तलहटी में लगने वाले विशाल मेले में बाहर से आए हुए दुकानदारों ने अपनी अपनी दुकानें सजा ली है । इस वर्ष काफी दुकानदारों को दुकानें लगाने में काफी मशक्कत का सामना करना पड़ा। सफाई भी स्वयं करनी पड़ रही है। वहीं मेला परिसर में पेयजल की कोई व्यवस्था नहीं की गई है । विद्युत विभाग के द्वारा लाइट के खंभों में मर्करी लाइटें लगा दी गई है।
आने लगे शिव के भक्त कालिंजर में रात्रि विश्राम कर सुबह से दुर्ग के ऊपर बने तालाबों में स्नान कर भगवान नीलकंठ महादेव माता पार्वती के दर्शन करने के लिए आने लगे हैं । वहीं दुर्ग के ऊपर भी विद्युत विभाग के द्वारा लाइटें लगा दी गई है । पेय जल समस्या दुर्ग के ऊपर भी बनी हुई है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।