बांदा में बाल विवाह की दो कोशिशें नाकाम, 15 और 16 साल की बच्चियों की शादी रुकवाई
बांदा में ग्रामीण परंपरा विकास संस्थान और पुलिस की सक्रियता से दो नाबालिग किशोरियों (15 और 16 वर्ष) के बाल विवाह रोके गए। संस्थान के जागरूकता अभियान के तहत मिली सूचना पर कार्रवाई कर परिवारों से बच्चियों के बालिग होने पर शादी का शपथ पत्र लिया गया।
-1795504194885_m.webp)
यह तस्वीर एआई द्वारा बनाई गई है।
HighLights
बांदा में 15 और 16 साल की दो नाबालिगों की शादी रुकी।
ग्रामीण परंपरा विकास संस्थान और पुलिस ने मिलकर बाल विवाह रोके।
परिवारों ने शपथ पत्र दिया, बच्चियों के बालिग होने पर ही शादी।
जागरण संवाददाता, बांदा। दो नाबालिग किशोरियों की जिंदगी का एक बड़ा फैसला उनकी उम्र और मर्जी को दरकिनार कर लिया गया था। दोनों की शादी की तैयारियां शुरू हो चुकी थीं। जैसे ही सूचना मिली ग्रामीण परंपरा विकास संस्थान की सतर्कता और पुलिस-प्रशासन की तत्परता से दोनों बच्चियों को बाल विवाह का शिकार होने से बचा लिया गया। 15 और 16 साल की इन बच्चियों की शादी समय रहते रुकवा दी गई। इसमें दोनों किशोरियों की जिनसे शादी हो रही थी वह दोनों 22 व 23 वर्ष के युवक हैं।
शासन की मदद से ग्रामीण परंपरा विकास संस्थान बाल विवाह के खिलाफ 100 दिवसीय जागरूकता अभियान चला रहा है। इसी अभियान के दौरान संस्थान को जिले के दो अलग-अलग स्थानों पर बाल विवाह कराए जाने की सूचना उन्हें मिली। पहली 16 वर्षीय सोनम (बदला हुआ नाम) बिसंडा थाना के एक गांव निवासी है। उसकी शादी रविवार को होनी थी। हमीरपुर से बरात आनी थी। शादी के एक दिन पहले शनिवार को संस्था व पुलिस ने जाकर शादी रुकवाई।
जबकि दूसरी कक्षा आठ की छात्रा 15 वर्षीय चंद्रिका (बदला हुआ नाम) की पैलानी थाना क्षेत्र में उनके गांव के पास के दूसरे गांव से तीन दिसंबर को बरात आनी थी। संगठन के डायरेक्टर श्रवण कुमार ने बताया कि उनका संगठन ग्रामीण परंपरा विकास संस्थान, जस्ट राइट्स फार चिल्ड्रेन (जेआरसी) का सहयोगी है। जेआरसी बाल अधिकार संरक्षण के क्षेत्र में काम करने वाले नागरिक समाज संगठनों का देश का सबसे बड़ा नेटवर्क है।
चंद्रिका के बाल विवाह की सूचना गांव के लोगों ने संस्थान को दी। उसके शिक्षकों ने बताया था कि वह कई दिनों से स्कूल नहीं आई। जानकारी मिलते ही संस्थान की टीम ने सक्रियता दिखाते हुए संबंधित विभागों और पुलिस प्रशासन को इसकी जानकारी दी। वहीं, सोनम के मामले में भी संयुक्त टीम ने तत्काल कार्रवाई की।
ग्रामीण परंपरा विकास संस्थान, चाइल्ड हेल्पलाइन, पुलिस की एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट, विशेष किशोर पुलिस इकाई और संबंधित थानों की पुलिस ने आपसी समन्वय से दोनों बाल विवाह रुकवा दिए। संगठन के निदेशक श्रवण कुमार ने यह भी बताया कि यह पहल केवल दो बाल विवाह रुकवाने तक सीमित नहीं है, बल्कि बच्चों के बचपन, शिक्षा, सुरक्षा, सम्मान और उज्ज्वल भविष्य को सुरक्षित रखने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
शादी की हो चुकी थी तैयारी, मिठाइयां तक गईं थी बन
सोनम के घर टीम पहुंची तो विवाह की तैयारियां चल रही थीं। घर में मिठाइयां बनाई जा रही थीं और शादी की अन्य तैयारियां भी लगभग पूरी थीं। टीम ने परिवार को समझाया कि नाबालिग लड़की की शादी कराना कानूनन अपराध है। सोनम के भाई ने स्वीकार किया कि उसे इस बात की जानकारी नहीं थी कि कम उम्र में बच्ची की शादी करना कानून के खिलाफ है।
उसने भरोसा दिलाया कि अब वह अपनी बहन की शादी बालिग होने के बाद ही करेगा। दोनों मामलों में बच्चियों के परिवारों ने शपथ पत्र दे दिया है कि वो उनके बालिग हो जाने के बाद ही शादी करेंगे। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।