विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बांदा-कानपुर हाईवे पर कोहरे की धुंध की वजह से रोडवेज बस व डंपर में टक्कर, महिला की मौत, पुत्र समेत 8 घायल

Published: Sun, 29 Nov 2026 10:59 PM (GMT+05:30)

बांदा-कानपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर कोहरे के कारण बस और डंपर की टक्कर में एक महिला की मौत हो गई और आठ लोग घायल हो गए। यह हादसा चिल्ला थाना क्षेत्र के घूरा मोड़ के पास हुआ, जिससे सड़क पर करीब एक घंटे तक जाम लगा रहा।

चिल्ला थाना के घूरा मोड़ के पास डंपर से टकराने के बाद घटनास्थल के पास खड़ी क्षतिग्रस्त रोडवेज बस। जागरण

चिल्ला थाना के घूरा मोड़ के पास डंपर से टकराने के बाद घटनास्थल के पास खड़ी क्षतिग्रस्त रोडवेज बस। जागरण 

HighLights

  1. बांदा-कानपुर हाईवे पर कोहरे के कारण बस-डंपर की टक्कर।

  2. हादसे में एक महिला की मौत, आठ लोग गंभीर घायल।

  3. दुर्घटनास्थल पर करीब एक घंटे तक लगा रहा लंबा जाम।

संवाद सहयोगी, पैलानी (बांदा)। बांदा-कानपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर कोहरे की धुंध की वजह से चिल्ला थाना क्षेत्र के घूरा मोड़ के पास शनिवार देर रात साढ़े 12 बजे 80 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से जा रहे डंपर व कानपुर से सामने से 70 की रफ्तार में आई रोडवेज बस की टक्कर हो गई। इसमें डंपर अनियंत्रित होकर रोड किनारे खंती में घुस गया। तेज गति में जोरदार हादसा होने से दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।

हादसे में बस सवार महिला की मौके पर मौत हो गई। जबकि उनका बेटा व बस चालक, महिला कंडेक्टर समेत आठ लोग घायल हो गए। डंपर का चालक दुर्घटना के बाद कूदकर फरार हो गया। जबकि उसका खलासी वाहन के केबिन में फंस रहा। पुलिस ने पौन घंटे की मशक्कत के बाद खलासी को बाहर निकाला।

गंभीर घायलों को एंबुलेंस से जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद दिवंगत हुई महिला के बेटे का दाहिना हाथ और दाहिना पैर टूटना बताया। हादसे को लेकर घटनास्थल में अन्य वाहनों की लाइन लगने से जाम लग गया। पुलिस ने वाहन चालकों व ग्रामीणों की मदद से क्षतिग्रस्त बस को धक्का लगाकर किनारे कराया। इससे करीब एक घंटे बाद आवागमन बहाल हो सका।


कानपुर डिपो की बस शनिवार देररात सवारियों को लेकर बांदा आ रही थी। वह जैसे ही चिल्ला थाना के पलरा गांव घूरा मोड में पहुंची। सामने से आए तेज रफ्तार डंपर से जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में बस सवार 65 वर्षीय कमला पत्नी स्वर्गीय गंगा प्रसाद शुक्ला निवासी इस्माईल गंज थाना थरबई जनपद प्रयागराज की मौत हो गई।

उनका 40 वर्षीय पुत्र प्रकाश नारायण शुक्ला व बस की कंडेक्टर 27 वर्षीय गरिमा पुत्री रामस्वरूप वर्मा निवासी जवाहर नगर मुहल्ला बांदा, चालक 40 वर्षीय नवल किशोर ग्राम पल्हरी बिसंडा व डंपर का खलासी 30 वर्षीय अतुल निवासी कस्बा सतरिख जिला बाराबंकी को पुलिस ने एंबुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां घायलों का इलाज चल रहा है।

डंपर के खलासी को चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद कानपुर रेफर किया है। हादसे के समय बस में करीब 15 लोग सवार थे। इससे चार अन्य यात्रियों को मामूली चोटें आईं। उन्होंने अपना उपचार अलग-अलग जगह कराया है।

दिवंगत हुई महिला के भतीजे नवीन कुमार शुक्ला ने बताया कि चाची कमला देवी का करीब एक वर्ष से कानपुर के कार्डियोलाजी अस्पताल में हृदय रोग का इलाज चल रहा था। दो दिन पहले वह प्रयागराज से अपने मायके कर्वी आई थीं। इसके बाद बेटे के साथ इलाज के लिए कानपुर गई थीं।

शनिवार रात दोनों बस से कर्वी जाने के लिए लौट रहे थे। इसी दौरान हादसा हो गया है। घायल पुत्र ने जहां दोनों वाहनों की रफ्तार तेज होना बताया। वहीं उसे अंदेशा है कि डंपर के चालक को झपकी लगी है। जिससे वह तेज रफ्तार वाहन को कोहरे के बीच संभाल नहीं पाया है। चिल्ला थाना प्रभारी राजेश मौर्या ने बताया कि डंपर चालक का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।

शिक्षक पति के दम तोड़ने से मिलती थी पेंशन

स्वजन ने कमला देवी के पति शिक्षक थे। दस वर्ष पहले उनके पति की मौत हो गई थी। इससे पति की पेंशन उनको मिलती रही है। उनके एक बेटा व एक बेटी है। स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।