बांदा में अवैध पान मसाला फैक्ट्री का भंडाफोड़, लाखों का माल जब्त और एक गिरफ्तार
बांदा में पुलिस ने एक अवैध पान मसाला फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया, जो तीन माह से चल रही थी। छापेमारी ...और पढ़ें

शंकर नगर मुहल्ला से पकड़ी गई अवैध पान मसाला फैक्ट्री से बरामद समाग्री वगिरफ्तार हुआ आरोपित। पुलिस
HighLights
अवैध पान मसाला फैक्ट्री तीन माह से चल रही थी
पुलिस ने साढ़े तीन लाख का माल बरामद किया
एक आरोपी चंद्रप्रकाश उर्फ चंदू को गिरफ्तार किया गया
जागरण संवाददाता, बांदा। तीन माह से आरोपित के मकान में चल रही अवैध पान मसाला की फैक्ट्री को पुलिस ने पकड़ लिया। मौके से आरोपित को गिरफ्तार करने के साथ साढ़े तीन लाख रुपये का माल बरामद किया। जिसमें पान मसाला बनाने वाली मशीन के साथ तीन बोरी में 73 किलो तंबाकू व सुपारी व पांच अलग-अलग नाम की कंपनी के रैपर मिले हैं। प्राथमिक जांच में पाया गया कि आरोपित पांच अलग-अलग कंपनी के नाम से अवैध रूप से तैयार पान मसाला को आसपास के क्षेत्रों में सप्लाई करता रहा है।
आरोपित के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर उसे जेल भेजा गया है। नशीले पदार्थों का अवैध रूप से निर्माण कर बिक्री करने वालों के विरुद्ध एसपी पलाश बंसल के निर्देश पर पुलिस धर पकड़ अभियान चला रही है। मंगलवार शाम पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि शंकर नगर मुहल्ले के एक मकान में अवैध पान मसाला फैक्ट्री चल रही है। इसमें सहायक पुलिस अधीक्षक मेविस टाक के नेतृत्व में शहर कोतवाली प्रभारी बलराम सिंह ने मुहल्ला शंकरनगर निवासी चंद्रप्रकाश उर्फ चंदू के मकान में छापेमारी की। जहां से अवैध रूप से पान मसाला बनाते आरोपित चंदू को गिरफ्तार कर लिया।
मौके से पान मसाला बनाने वाली मशीन, अर्द्धनिर्मित पान मसाला एवं इसके बनाने में इस्तेमाल होने वाली सामग्री सहित अन्य सामान भारी मात्रा में बरामद किया। पूछताछ में आरोपित ने बताया कि वह कानपुर से पान मसाला निर्माण की सामग्री लाकर अपने मकान में पिछले तीन माह से अवैध रूप से नकली एवं अपमिश्रित पान मसाला तैयार कर आसपास के क्षेत्रों में सप्लाई कर कमाई कर रहा था। एएसपी शिवराज ने बताया कि पुलिस इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य आरोपितों व सप्लायरों के साथ खरीदारों के संबंध जानकारी जुटाने का प्रयास कर रही है। उनके विरुद्ध भी कार्रवाई की जाएगी।
आरोपित के पास से मिली एक बोरी में अभय भारत पुड़िया, साहू परिवार पुड़िया एवं जबर सुपाड़ी पुड़िया के साथ 40 किलो शुभम लिखे रैपर ,एक बंडल जबर लिखित छह किलो रैपर एक इलेक्ट्रॉनिक वजन करने वाली मशीन भी मिली है। पकड़े गए माल की कीमत साढ़े तीन लाख बताई गई है। गिरफ्तार करने वाली टीम में चौकी प्रभारी मंडी समिति आकाश शुक्ला काशीराम कालोनी प्रभारी रश्मि सिंह व एसआइ सोनू त्यागी के साथ अन्य कांस्टेबल आदि शामिल रहे हैं।
शहर में पहले भी पकड़ी जा चुकीं अवैध फैक्ट्री
शंकर नगर मुहल्ले की तरह शहर में कालू कुआं में भी आठ माह पहले एक पान-मसाला फैक्ट्री पकड़ी गई थी। झील का पुरवा में भी इसी तरह अवैध कारोबार पकड़ा गया था। जिसमें आरोपितों के विरुद्ध कार्रवाई की गई थी।
