बांदा में बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे के पिलर के पास अवैध खनन रोकने गई टीम पर ट्रैक्टर चढ़ाने की कोशिश, केस दर्ज
बांदा के अछरौड़ गांव में अवैध खनन की जांच करने पहुंची खनिज विभाग की टीम पर ट्रैक्टर चालकों ने वाहन चढ़ाने का प्रयास किया।

प्रतीकात्मक तस्वीर
HighLights
अवैध खनन जांचने गई टीम पर ट्रैक्टर चालकों ने हमला किया।
खनिज विभाग ने एक ट्रैक्टर-ट्रॉली और दो बाइक जब्त कीं।
फरार चालकों और वाहन मालिकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज।
जागरण संवाददाता, बांदा। मटौंध थाना क्षेत्र के अछरौड़ गांव में अवैध खनन और परिवहन की जांच करने पहुंची खनिज विभाग की टीम पर ट्रैक्टर चालकों ने वाहन चढ़ाने का प्रयास किया। उसने रास्ते से हटकर किसी तरह अपनी जान बचाई।
टीम ने मौके से मौरंग भरा एक ट्रैक्टर-ट्रॉली और दो बाइक बरामद कर उन्हें सीज किया है। तीनों वाहनों को पुलिस की सुपुर्दगी में दिया गया है। वहीं, दो अन्य ट्रैक्टर चालक मौरंग गिराकर मौके से भाग निकले। उनकी वीडियो क्लिप भी बनाई गई है। खनिज अधिकारी ने मुकदमा दर्ज कराया है।
खनिज अधिकारी राज रंजन कुमार ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 13 नवंबर की शाम करीब 5:30 बजे अछरौड़ गांव में अवैध खनन और परिवहन की सूचना पर वह होमगार्ड शिवमंगल के साथ छापेमारी करने पहुंचे थे। मौके पर तीन ट्रैक्टरों से ट्रालियों में मौरंग का अवैध परिवहन करते पाया गया।
टीम को देखकर दो ट्रैक्टर चालक तेजी से मौरंग गिराते हुए गांव की ओर भागने लगे। होमगार्ड शिवमंगल ने उन्हें रोकने का प्रयास किया तो दोनों चालकों ने ट्रैक्टर से टक्कर मारने और कुचलने की कोशिश की। होमगार्ड ने रास्ते से हटकर अपनी जान बचाई। इस दौरान एक ट्रैक्टर-ट्रॉली मौके पर छोड़कर चालक फरार हो गया। इसमें करीब तीन घनमीटर मौरंग भरी पाई गई।
मामले की जांच में जुटी पुलिस
पकड़े गए वाहन को मंडी परिसर में खड़ा कर पुलिस की सुपुर्दगी में दिया गया। मौके से दो बाइक भी बरामद हुईं। इसमें एक बाइक में नंबर प्लेट तक नहीं मिली। खनिज अधिकारी के अनुसार, इन बाइकों का इस्तेमाल अवैध खनन और परिवहन में लगे वाहनों को रास्ता दिखाने में किया जा रहा था।
जांच के दौरान बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे के पिलर के पास अवैध खनन की पैमाइश भी कराई गई। इसमें 20 मीटर चौड़ाई, 25 मीटर लंबाई और औसतन आधा मीटर गहराई में करीब 250 घनमीटर मौरंग का अवैध खनन पाया गया। खनिज अधिकारी ने आरोप लगाया कि खनन से राजस्व को नुकसान पहुंचाने के साथ एक्सप्रेसवे के पिलर को भी क्षति पहुंचाने का प्रयास किया गया।
खनिज अधिकारी ने ट्रैक्टर के वाहन स्वामी, फरार दोनों चालकों और बाइक सवारों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई है। सीओ सिटी सौरभ सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। फरार आरोपितों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।