विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बांदा में बिना पैरों के 12 साल से राशन कार्ड के लिए ऑफिस के चक्कर लगा रहा दिव्यांग, हाथ जोड़कर DSO से लगाई गुहार

Published: Thu, 12 Nov 2026 09:19 PM (IST)

बांदा में 100% दिव्यांग ब्रजभूषण 12-13 साल से राशन कार्ड के लिए संघर्ष कर रहे हैं, घिसटते हुए जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे। उन्होंने जिला पूर्ति अधिकारी से मदद की गुहार लगाई।

हाथ जोड़कर डीएसओ से दिव्यांग ने लगाई गुहार।

हाथ जोड़कर डीएसओ से दिव्यांग ने लगाई गुहार।

HighLights

  1. 100% दिव्यांग ब्रजभूषण 12 साल से राशन कार्ड को तरस रहे।

  2. दीपावली पर घर में आटा नहीं, पड़ोसियों से मदद मिली।

  3. जिला पूर्ति अधिकारी ने जल्द राशन कार्ड बनवाने का आश्वासन दिया।

जागरण संवाददाता, बांदा। दोनों पैरों से 100 प्रतिशत दिव्यांग व्यक्ति घिसटते हुए जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचा। यहां उसने जिला पूर्ति अधिकारी कयामुद्दीन के सामने हाथ जोड़कर राशन कार्ड बनवाने की गुहार लगाई। उसने बताया कि 12-13 साल से राशन कार्ड बनवाने के लिए अधिकारियों के चक्कर काट रहा है, लेकिन अब तक उसका कार्ड नहीं बना।

हालात यह हैं कि दीपावली के त्योहार पर भी उसके घर में आटा तक नहीं था। आसपास के लोगों से मदद लेकर किसी तरह परिवार का गुजारा किया।

स्योंढ़ा गांव निवासी ब्रजभूषण गुरुवार को अपनी फरियाद लेकर कलेक्ट्रेट पहुंचा था। उसने जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर राशन कार्ड बनवाने की मांग की।

ब्रजभूषण ने बताया कि उसके पास न खेती है और न ही रहने के लिए ठीक मकान। बरसात में उसका घर गिर चुका है। अब वह बरसाती डालकर किसी तरह जीवन गुजार रहा है। उसके परिवार के जीवनयापन का सहारा सिर्फ एक हजार रुपये की दिव्यांग पेंशन है। वह भी नियमित रूप से नहीं मिलती। कई-कई महीने तक पेंशन खाते में नहीं आती।

ब्रजभूषण ने बताया कि वह कई बार राशन कार्ड बनवाने के लिए आवेदन कर चुका है। जिलाधिकारी से भी कई बार मिलकर अपनी समस्या बता चुका है। हर बार राशन कार्ड बनवाने का आश्वासन दिया गया, लेकिन अभी तक समस्या का समाधान नहीं हुआ।

उसने आरोप लगाया कि गांव में कुछ लोगों के परिवार में तीन-तीन राशन कार्ड बने हुए हैं, जबकि उसका कार्ड नहीं बन पा रहा है। उसने कहा कि त्योहार के समय घर में आटा तक नहीं था। ऐसे में आसपास के लोगों से मदद मांगकर किसी तरह गुजारा करना पड़ा। उसने अधिकारियों से अपनी आर्थिक स्थिति और दिव्यांगता की जांच कराने की मांग करते हुए कहा कि उसे अंत्योदय (लाल) राशन कार्ड दिलाया जाए, ताकि कम से कम खाने का इंतजाम हो सके।

उसका कहना था कि वह दिव्यांग है, लेकिन इसका मतलब यह नहीं कि उसे भूखा रहना पड़े। इसी दौरान जिला पूर्ति अधिकारी कयामुद्दीन कलेक्ट्रेट पहुंचे तो ब्रजभूषण ने उनके सामने हाथ जोड़कर अपनी परेशानी बताई और राशन कार्ड बनवाने की गुहार लगाई। डीएसओ ने बताया कि उन्हें अभी इस मामले की जानकारी मिली है। पीड़ित के कागजात ले लिए गए हैं। जल्द ही उसका राशन कार्ड बनवा दिया जाएगा।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।