अवैध खनन पर लगेगी लगाम: बांदा में 40 लाख की लागत से बनेगा हाईटेक चेक गेट; लखनऊ से होगी 24 घंटे निगरानी
बांदा के मरका में यमुना पुल पर 40 लाख की लागत से हाईटेक चेक गेट बनेगा, जो खनिज वाहनों की एआई आधारित निगरानी करेगा। यह गेट नंबर प्लेट और माइंस टैग स्कैन कर अवैध खनन व परिवहन पर रोक लगाएगा, जिसकी निगरानी लखनऊ मुख्यालय से भी होगी।
-1795855438443_m.webp)
यह तस्वीर एआई द्वारा बनाई गई है।
HighLights
मरका में 40 लाख से बनेगा हाईटेक चेक गेट।
एआई कैमरे खनिज वाहनों की करेंगे चौबीसों घंटे निगरानी।
अवैध खनन व परिवहन रोकने में मिलेगी मदद।
जागरण संवाददाता, बांदा। बांदा के मरका से यमुना नदी पर बने पुल को पार कर फतेहपुर जिले के असोथर जाने वाले मार्ग पर अब खनिज वाहनों की हाईटेक निगरानी होगी। पुल से करीब 500 मीटर पहले बांदा की सीमा में करीब 40 लाख रुपये की लागत से चेक गेट बनाया जाएगा। यहां एआई आधारित चार तरह के कैमरे मौरंग और गिट्टी लदे वाहनों की नंबर प्लेट से लेकर माइंस टैग तक स्कैन करेंगे।
इससे पता चल सकेगा कि खनिज किस खदान से लोड हुआ और उसे कहां ले जाया जा रहा है। जिला खनिज अधिकारी कार्यालय के साथ लखनऊ स्थित खनिज मुख्यालय के कंट्रोल रूम से 24 घंटे निगरानी होगी। कैमरों का लागिन-पासवर्ड डीएम व एसपी के पास भी रहेगा।
वह अपने आवास और कार्यालय से वाहनों की गतिविधियां देख सकेंगे। जिला खनिज फाउंडेशन न्यास (डीएमएफ) की तीन नवंबर को हुई बैठक में प्रस्ताव पर मुहर लगने के बाद खनिज विभाग ने जिलाधिकारी के अनुमोदन के लिए प्रस्ताव भेजा है।
जिले में पहले से तीन चेक गेट संचालित, मरका में बनेगा चौथा गेट
वर्तमान में जिले में तीन चेक गेट संचालित हैं। इनमें बांदा-महोबा मार्ग पर मटौंध के पास वर्ष 2021 में चेक गेट स्थापित किया गया था। वहीं गिरवां चौराहे और नरैनी-करतल मार्ग पर नरैनी से छह-सात किलोमीटर आगे अगस्त 2023 में चेक गेट बनाए गए थे। करीब तीन वर्ष बाद अब चौथा चेक गेट स्थापित होने जा रहा है।
मरका पुल बांदा जिले को फतेहपुर के असोथर क्षेत्र से जोड़ता है। असोथर से आगे बहरामपुर और थरियांव होते हुए खनिज वाहन प्रयागराज-कानपुर हाईवे तक पहुंचते हैं। यहां से फतेहपुर, रायबरेली और लखनऊ के साथ खागा होकर कुंडा-प्रतापगढ़ तथा कौशांबी के अझुवा और सैनी होते हुए प्रयागराज की ओर भी आवागमन करते हैं।
ऐसे में यह चेक गेट बांदा से फतेहपुर होकर दूसरे जिलों की ओर जाने वाले खनिज वाहनों की निगरानी में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। बबेरू तहसील क्षेत्र में चरका की दो और मरका की एक समेत तीन मौरंग खदानें संचालित हैं। आने वाले दिनों में इनकी संख्या करीब एक दर्जन तक पहुंचने की संभावना है।
चार तकनीकों से होगी निगरानी
चेक गेट पर एएनपीआर कैमरा वाहनों की नंबर प्लेट स्वत: स्कैन कर पंजीकरण संख्या दर्ज करेगा। वैरीफोकल कैमरे का लेंस जरूरत के अनुसार जूम किया जा सकेगा। यह वाहन की स्पष्ट तस्वीर के साथ करीब 10 सेकेंड का वीडियो भी रिकार्ड करेगा। आरएफआइडी रीडर नेटवर्क वाहनों पर लगे माइंस टैग को स्कैन कर खदान, रवन्ना और परिवहन अनुमति से जुड़ी जानकारी का सत्यापन करने में मदद करेगा।
इससे पता चलेगा कि ट्रक या डंपर में खनिज परिवहन का वैध अभिलेख है या नहीं। चौथा थर्ड आई कैमरा चेक गेट और आसपास की गतिविधियों पर नजर रखेगा।
जिले में अवैध खनन नहीं होने दिया जाएगा। इसके लिए चेक गेट को आधुनिक तकनीक से जोड़ा जा रहा है। मरका में जल्द ही एक चेक गेट बनकर तैयार होगा, जिससे खनन माफिया राजस्व को चूना नहीं लगा पाएंगे।-अमित आसेरी, जिलाधिकारी बांदा
चेक गेट का प्रस्ताव जिलाधिकारी के पास अनुमोदन के लिए भेजा गया है। दो से तीन दिन में अनुमति मिलने के बाद टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। प्रयास है कि एक माह के भीतर चेक गेट बनकर तैयार हो जाए।- राजरंजन, जिला खनिज अधिकारी बांदा
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।