विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

Banda में बेटी की शादी के खर्च और कर्ज से टूट गया किसान, पेट्रोल छिड़क खुद को जिंदा जलाया, गांव में मातम

Published: Sun, 22 Nov 2026 08:15 PM (IST)

बांदा के पैलानी में कर्ज और गिरवी रखी जमीन की चिंता से परेशान एक किसान ने खुद को पेट्रोल डालकर आग लगा ली, जिससे उसकी मौत हो गई। बेटियों की शादी के लिए चार बीघा जमीन गिरवी रखने और चार लाख रुपये के कर्ज ने उसे यह आत्मघाती कदम उठाने पर मजबूर किया।

News Article Hero Image

HighLights

  1. किसान ने कर्ज और गिरवी जमीन की चिंता में आत्मदाह किया

  2. बेटियों की शादी के लिए चार बीघा जमीन गिरवी रखी थी

  3. चार लाख रुपये का कर्ज चुकाने को लेकर परेशान थे किसान

संवाद सहयोगी, पैलानी (बांदा)। गिरवी रखी जमीन व कर्ज चुकाने की चिंता से परेशान किसान ने शीशी में भरे पेट्रोल को डालकर खुद को जिंदा जला दिया। धुएं उठते देखकर पड़ोसियों में अफरा-तफरी मच गई। आग बुझाने का प्रयास किया गया। लेकिन इस बीच उनकी मृत्यु हो गई।

स्वजन ने बताया कि बेटियों व बेटे की शादी में चार बीघा जमीन गिरवी रखने के साथ चार लाख रुपये गांव के अन्य लोगों का कर्जा हो गया था। जिसके चलते उन्होंने आत्मघाती कदम उठाया है। हालांकि पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है।

जसपुरा थाना के अमारा गांव के मजरा कुटी डेरा में बने प्रधानमंत्री आवास योजना की कालोनी में 60 वर्षीय शिवकरन निषाद अकेले रहते थे। जबकि उसके स्वजन वहां से एक किलोमीटर दूर रामलाल के डेरा में बने घर में रहते थे। रविवार दोपहर 12 बजे शिवकरन रामलाल का डेरा स्थित घर से खाना खाने के बाद खेत बोने के लिए बीज लेकर अपनी कालोनी वाले आवास गए थे। जहां उन्होंने बाहर से शीशी में पेट्रोल लाकर कमरे के अंदर अपने ऊपर छिड़क लिया। बाद में मचिस से खुद को आग के हवाले कर दिया।

पड़ोसियों ने दौड़कर आग बुझाने का प्रयास किया। दूसरे कमरे में चरपाई पर बिछे गद्दे को डालकर आग बुझाने का प्रयास किया। लेकिन आग की लपटें इतनी तेज थीं कि गद्दा भी जल गया। किसान की मौके पर ही मौत हो गई। पड़ोसियों की सूचना पर दूसरे मकान से स्वजन बिलखते हुए मौके पर पहुंचे।

जसपुरा पुलिस ने घटनास्थल की जांच की। जिसमें दिवंगत हुए किसान के बड़े भाई जयकरण निषाद ने बताया कि उनके तीन बेटियां व दो बेटे हैं। तीनों बेटियों की वह शादी कर चुके हैं। जबकि इकलौते बेटे रविंद्र की उन्होंने पिछले वर्ष शादी की थी। बेटियों व बेटे की शादी में उन्हें अपनी पांच बीघा जमीन में चार बीघा जमीन तीन लाख रुपये में गिरवीं रखनी पड़ी है। इसके अलावा चार लाख रुपये गांव के अलग-अलग लोगों का उनके ऊपर कर्जा है।

कर्ज भरने के लिए दोनों बेटे सूरत में मजदूरी करते हैं। उन्हें स्वजन ने फोन से घटना की जानकारी दी है। इससे वह घर आने के लिए सूरत से रवाना हुए हैं। कर्ज भरने व गिरवी रखी जमीन छुड़वाने के लिए वह परेशान रहते थे। जिसके चलते उन्होंने यह कदम उठाया है। दिवंगत हुए किसान तीन भाइयों में दूसरे नंबर के थे।

घटना से पत्नी गोदिया वह अन्य स्वजन का रो-रो कर बुरा हाल है। जसपुरा थाना प्रभारी सीपी तिवारी ने बताया कि घटना का कारण पूरी तरह स्पष्ट नहीं है जांच चल रही है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।