विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दीपावली पर बांदा से छह रूटों पर 6 से 17 नवंबर तक चलेंगी अतिरिक्त रोडवेज बसें, कर्मचारियों को मिलेगा बोनस

Published: Sun, 01 Nov 2026 06:29 PM (IST)

दीपावली और छठ पर्व पर यात्रियों की सुविधा के लिए परिवहन निगम 6 से 17 नवंबर तक बांदा समेत मंडल के चार जिलों में अतिरिक्त बसें चलाएगा।

प्रतीकात्मक तस्वीर

प्रतीकात्मक तस्वीर

HighLights

  1. 6 से 17 नवंबर तक चलेंगी अतिरिक्त रोडवेज बसें।

  2. कर्मचारियों को प्रोत्साहन राशि, अनफिट बसें प्रतिबंधित।

  3. लखनऊ, दिल्ली, कानपुर सहित कई रूटों पर सुविधा।

जागरण संवाददाता, बांदा। दीपावली व छठ पर्व पर यात्रियों की भीड़ को देखते हुए परिवहन निगम छह से 17 नवंबर तक अतिरिक्त बसों का संचालन करेगा। परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने इस अवधि में अधिक से अधिक बसों के संचालन के निर्देश दिए हैं। मंडल के चारों जिलों बांदा, चित्रकूट, हमीरपुर और महोबा के पांचों डिपो में बसों की संख्या बढ़ाई जाएगी।

मंडल के चारों जिलों के पांच परिवहन निगम के डिपो से 411 रोडवेज बसें संचालित होती हैं। जिसमें बांदा व महाेबा डिपो की 123-123, राठ डिपो की 86, हमीरपुर की 68 व चित्रकूट डिपो की 11 बसाें से प्रतिदिन हजारों सवारियां सैकड़ों किलोमीटर यात्रा करतीं हैं।

त्योहार पर घर लौटने वाले यात्रियों की संख्या हर साल बढ़ जाती है। इसे देखते हुए परिवहन निगम ने व्यापक तैयारी की है। मंडल से लखनऊ, कानपुर, दिल्ली, गोरखपुर, वाराणसी, अयोध्या रूटों पर अतिरिक्त बसें चलाई जाएंगी। इसके अलावा गाजियाबाद, मुरादाबाद, मेरठ, बरेली, सहारनपुर, आगरा, अलीगढ़ और इटावा के लिए भी बसों की संख्या बढ़ाने की तैयारी है।
त्योहार के दौरान अनफिट बसों के संचालन पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी गई है।

किसी भी डिपो से अनफिट बस सड़क पर नहीं उतरेगी। विशेष परिस्थितियों को छोड़कर अधिकारियों और कर्मचारियों को छुट्टी नहीं दी जाएगी। सभी को ड्यूटी पर तैनात रहना होगा। चालकों और परिचालकों की ड्यूटी से पहले ब्रीथ एनालाइजर से जांच की जाएगी ताकि शराब पीकर गाड़ी चलाने की घटनाओं को रोका जा सके।

कर्मचारियों को मिलेगी प्रोत्साहन धनराशि

कर्मचारियों को प्रोत्साहित करने के लिए निगम ने प्रोत्साहन राशि की भी घोषणा की है। 11 दिन लगातार ड्यूटी करने पर 4400 रुपये और 12 दिन ड्यूटी करने पर 4800 रुपये प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। इसके लिए प्रतिदिन औसत 300 किलोमीटर बस चलाना अनिवार्य होगा।

यह भी पढ़ें- क्यों UP के बांदा जिले का 'सोहन हलवा' है सबसे खास? हर निवाले में मिलता है परंपरा और शुद्धता का स्वाद

संविदा और आउटसोर्सिंग कर्मचारियों को तय दूरी से अधिक बस चलाने पर 55 पैसे प्रति किलोमीटर अतिरिक्त भुगतान मिलेगा। इलेक्ट्रिक बस चालकों को 11 दिन में 3300 किलोमीटर चलाने पर एक हजार रुपये अतिरिक्त दिए जाएंगे।

त्योहार के लिए रूटवार प्लान तैयार किया जा रहा है। जरूरत के हिसाब से रिजर्व बसों को भी लगाया जाएगा। यात्रियों की सुविधा के लिए बस स्टैंड पर डिस्प्ले बोर्ड सहित पूछताछ केंद्र को 24 घंटे सक्रिय रखा जाएगा।- रामलवट, आरएम, चित्रकूट धाम मंडल, बांदा

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।