विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बलरामपुर के मां पाटेश्वरी विश्वविद्यालय में बनेगी भव्य बिल्डिंग, PM मोदी करेंगे लोकार्पण

Published: Sun, 11 Oct 2026 06:53 AM (GMT+05:30)

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बलरामपुर में 803 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास किया।

इस फोटो को AI के माध्यम से तैयार किया गया है।

इस फोटो को AI के माध्यम से तैयार किया गया है।

HighLights

  1. मुख्यमंत्री योगी ने बलरामपुर में 803 करोड़ के विकास कार्य समर्पित किए।

  2. मां पाटेश्वरी विश्वविद्यालय भवन का लोकार्पण पीएम मोदी करेंगे।

  3. आपदा पीड़ितों को 24 घंटे में मुआवजा, 9.5 लाख सरकारी नौकरियां।

जागरण संवाददाता, बलरामपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ् ने उतरौला तहसील के बिलरिया गांव में 803 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास मंच से बटन दबा कर किया। रामलला और भारत माता के जयकारों के साथ मुख्यमंत्री ने कहा कि बलरामपुर के विकास में पैसे की बाधा नहीं आने दी जाएगी। विधायकों ने खूब काम किया है।

2017 तक की सरकाराें ने मथुरा बाजार में नदी पर पुल नहीं बनवाया। भाजपा के आते ही पुल का काम शुरू हो गया। बलरामपुर में कौन जानता था कि मां पाटेश्वरी विश्व विद्यालय बनेगा। विश्व विद्यालय संचालित है और शीघ्र ही भव्य भवन भी तैयार हो जाएगा, जिसका लोकार्पण प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से कराया जाएगा।

सीएम ने कहा कि आपदा में जनहानि होने पर पीड़ित परिवार को 24 घंटे के भीतर मुआवजा दिलाया जाता है। वन्यजीव के हमले में जनहानि अथवा पशुहानि होने पर भी अगले 24 घंटे में मुआवजा मिलता है। साढ़े नौ वर्षों में प्रदेश के साढ़े नौ लाख युवाओं को सरकारी नौकरी दी गई है। कार्यक्रम के बाद सीएम शक्तिपीठ देवीपाटन मंदिर पहुंचे। रविवार को देवी आराधना के साथ बालिका दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में भाग लेंगे।

इनको मिला लाभ

मुख्यमंत्री ने विभागीय प्रदर्शनियां देखीं और छात्रा के विज्ञान माडल की सराहना की। एक बच्चे का अन्नप्राशन कराया। मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना में विकास यादव और मोहम्मद शादाब को लैपटाप दिए। किरण वर्मा और हिमांशु यादव को कस्टम हायरिंग सेंटर के लिए चार-चार लाख रुपये की सहायता, अजय कुमार पाल, हसन रजा और गुफरान अंसारी को युवा उद्यमी विकास अभियान के तहत पांच-पांच लाख रुपये का प्रतीकात्मक चेक दिए। किसान देवी और ननका देवी को आवास स्वीकृति पत्र तथा गुड़िया वर्मा और पिंकी को आजीविका मिशन के तहत 45 लाख रुपये का चेक दिया।

तीसरी बार मुख्यमंत्री बनाने का आह्वान 

सदर विधायक पल्टूराम ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश विकास के रास्ते पर है। उन्होंने 2027 में सभी 403 विधानसभा सीटों पर भाजपा की जीत का दावा करते हुए लोगों से तीसरी बार मुख्यमंत्री बनाने का आह्वान किया। उतरौला विधायक रामप्रताप वर्मा ने कहा कि 2017 से पहले व्यापारी और महिलाएं भय के माहौल में रहते थे।

योगी सरकार ने अपराधियों और माफिया के खिलाफ कार्रवाई कर प्रदेश में शिक्षा और विकास को गति दी है। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष आरती तिवारी, विधान परिषद सदस्य साकेत मिश्र, अवधेश कुमार सिंह उर्फ मंजू सिंह, तुलसीपुर विधायक कैलाशनाथ शुक्ल, भाजपा जिलाध्यक्ष रवि मिश्र, पूर्व विधायक शैलेश कुमार सिंह शैलू तथा उतरौला नगर पालिका परिषद अध्यक्ष सविता गुप्ता मौजूद रहीं।

प्रमुख लोकार्पण :

- नगर पालिका बलरामपुर में 123 करोड़ की सीवरेज सिस्टम एवं एसटीपी निर्माण फेज-़1
- नगर पालिका बलरामपुर में 53 करोड़ रुपये से पेयजल पुर्नगठन योजना।
- मां पाटेश्वरी विश्व विद्यालय बलरामपुर के लिए 26 करोड़ से फोरलेन मार्ग का निर्माण।
- पुलिस लाइन बलरामपुर में 16 करोड़ से ट्रांजिट हास्टल का निर्माण।

यह भी पढ़ें- इलाहाबाद हाईकोर्ट का बड़ा फैसला: विकास प्राधिकरण नहीं वसूल सकते इम्पैक्ट फीस और ओपन एरिया पेनाल्टी

प्रमुख शिलान्यास

- बलरामपुर-श्रावस्ती-बहराइच राष्ट्रीय राज मार्ग पर झारखंडी रेलवे क्रासिंग पर 292 करोड़ रुपये से ओवरब्रिज निर्माण।
- उतरौला-चंदनपुर मार्ग के अवशेष भाग का 75 करोड़ रुपये से निर्माण।
- जिला ग्राम्य विकास संस्थान के अनावासीय व आवासीय भवनों का 30 करोड़ रुपये की लागत से निर्माण।
- बलरामपुर में नवीन समेकित विशेष माध्यमिक विद्यालय के भवन का 24 करोड़ से निर्माण।