स्कूल में हार्ट अटैक आने से दूसरी की छात्रा की दर्दनाक मौत, CCTV वायरल; DJ की तेज आवाज से जान जाने का दावा
बलरामपुर में गणेश विसर्जन शोभायात्रा के दौरान तेज डीजे की आवाज से एक सात वर्षीय छात्रा की कथित तौर पर हार्ट अटैक से मौत हो गई।

HighLights
गणेश विसर्जन शोभायात्रा में तेज डीजे से मौत का आरोप।
सात वर्षीय छात्रा वैष्णवी तिवारी को आए तीन हार्ट अटैक।
सीसीटीवी फुटेज वायरल होने पर पुलिस ने जांच शुरू की।
जागरण संवाददाता, बलरामपुर। आस्था के नाम पर शोभा यात्रा में बढ़ रहा डिस्क जाकी का चलन अब जानलेवा हो गया है। निर्धारित ध्वनि तीव्रता से अधिक तेज डीजे बजाने की पूजन समितियों में होड़ मची है।
बीते सोमवार को गणपति प्रतिमा विसर्जन शोभायात्रा के दौरान अत्यधिक तीव्र गति से डीजे बजने के कारण सिटी पैलेस स्थित डिवाइन पब्लिक स्कूल की छात्रा सात वर्षीय वैष्णवी तिवारी की हालत बिगड़ने से मौत का दवा इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित सीसी फुटेज में किया गया है। अत्यधिक कंपन के कारण कक्षा में ही उसे लगातार तीन हार्ट अटैक आए। तीसरी बार में वह अचेत होकर गिर पड़ी।
आनन-फानन में उसे जिला मेमोरियल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। विद्यालय प्रशासन ने पूरे दिन मामले को दबाए रखा। परिवारजन ने भी पुलिस को सूचना नहीं दी। हालांकि दैनिक जागरण इस फुटेज की पुष्टि नहीं करता है।
छात्रा सात वर्षीय वैष्णवी तिवारी नगर के डिवाइन पब्लिक स्कूल में कक्षा दो की छात्रा थी। उसके पिता सोनू तिवारी मूल रूप से ग्राम गुलरिहा, पोस्ट गंगापुर, जिला सिद्धार्थनगर के निवासी हैं। वर्तमान में वह परिवार के साथ शहर के खालवा मुहल्ले में किराए के मकान में रहते हैं। बताया जाता है कि बीते सोमवार को सुबह करीब 11 बजे वैष्णवी कक्षा में थी। उसी दौरान पास से विसर्जन जुलूस गुजर रहा था, जिसमें तेज आवाज में डीजे बज रहा था।
पोस्ट में परिजनों के हवाले से कहा गया है कि डीजे की आवाज के बीच छात्रा की तबीयत अचानक बिगड़ गई। उसे तीन बार अटैक आया और तीसरे अटैक में उसकी मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों ने अंतिम संस्कार कर दिया।
ऐसे हरकत में आई पुलिस
मामला इंटरनेट मीडिया से पुलिस के संज्ञान में आने पर क्षेत्राधिकारी नगर अभिषेक सिंह के निर्देश पर जांच शुरू की गई। प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार मिश्र ने बताया कि परिजनों की ओर से थाने में कोई लिखित या मौखिक सूचना नहीं दी गई है। पुलिस घटनास्थल व आसपास के सीसी फुटेज खंगाल रही है। स्कूल, जुलूस के रूट और अन्य पहलुओं की भी जानकारी जुटाई जा रही है। सीओ नगर ने बताया कि तहरीर मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। डीजे की तेज आवाज को लेकर नियमों के उल्लंघन की पुष्टि होने पर भी विधिक कार्रवाई होगी।
यह भी पढ़ें- यूपी में वाहनों के चालान सिस्टम में हुआ बड़ा बदलाव, अब 30 दिन के अंदर अधिकारियों को करना होगा समाधान
80 डेसीबल से अधिक आवाज जानलेवा
जिला मेमोरियल चिकित्सालय के वरिष्ठ बाल रोग विशेषज्ञ डा. राजेश कुमार सिंह का कहना है कि 80 डेसीबल से अधिक की ध्वनि से शरीर के हार्मोन का स्तर बढ़ जाता है।
यह भी पढ़ें- यूपी के 200 मदरसों में चल रही मनमानी, आदेश के बाद भी नहीं लग रही बायोमीट्रिक हाजिरी; प्रबंधकों को नोटिस जारी
इससे हार्ट अटैक की संभावना बढ़ जाती है। संभवतः छात्रा की मौत का यही कारण हो सकता है। बिना पोस्टमार्टम के सीधे तौर पर कुछ नहीं कहा जा सकता।
