खाटू श्याम की शोभायात्रा में भक्तों का लगा तांता, 'जय श्री श्याम' के जयकारों से गूंजा बलरामपुर
तुलसीपुर में श्री श्याम महोत्सव के तहत खाटू श्याम बाबा की भव्य शोभायात्रा श्रद्धा और उल्लास के साथ निकाली गई, जिससे पूरा नगर भक्तिमय हो गया।

तुलसीपुर नगर में निकली खाटू श्याम बाबा की शोभायात्रा - सौ. आयोजक
HighLights
खाटू श्याम बाबा की भव्य शोभायात्रा तुलसीपुर में निकाली गई।
नगर में जयकारों और पुष्पवर्षा से भक्तिमय माहौल बना।
भजन संध्या में श्याम शर्मा ने मधुर भजनों से मन मोहा।
संवाद सूत्र, तुलसीपुर (बलरामपुर)। श्री श्याम महोत्सव संकीर्तन के अवसर पर खाटू श्याम बाबा की भव्य शोभायात्रा श्रद्धा और उल्लास के साथ निकाली गई। बाबा के जयकारों से नगर का वातावरण भक्तिमय हो गया। शोभायात्रा में बड़ी संख्या में महिला, पुरुष और युवा श्रद्धालुओं ने शामिल होकर बाबा के दर्शन पूजन किए।
शोभायात्रा का शुभारंभ वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान से पूजन-अर्चन के साथ हुआ। इसके बाद बाबा श्याम की भव्य झांकी के साथ यात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए बलरामपुर रोड पहुंची। जगह-जगह श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर बाबा का स्वागत किया। जय श्री श्याम के जयकारों से पूरा नगर गूंजता रहा।
शोभायात्रा नगर भ्रमण के बाद पुरवा स्थित संकीर्तन स्थल पर पहुंचकर संपन्न हुई। इसके बाद भजन संध्या में देवरिया से आए गायक श्याम शर्मा ने बाबा श्याम के एक से बढ़कर एक भजनों की प्रस्तुति दी। उनके मधुर भजनों और संगीतमय प्रस्तुतियों पर श्रद्धालु भावविभोर हो उठे। आयोजक मंडल के सदस्य सत्यम जिंदल ने कहा कि बाबा श्याम की असीम कृपा और नगरवासियों के सहयोग से महोत्सव प्रतिवर्ष और भव्य स्वरूप ले रहा है।
आयोजन का उद्देश्य धार्मिक सद्भाव, आध्यात्मिक चेतना और सामाजिक एकता को मजबूत करना है। इस अवसर पर विजय जिंदल, कृष्ण कुमार कसौधन, सुशील अग्रवाल, विजय अग्रवाल मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें- बाबा श्याम का जन्मोत्सव कब मनाया जाएगा? घर बैठे पूजा करनी हो या खाटू धाम जाना हो, यहां है हर सवाल का जवाब