बलरामपुर में पूर्व नौकर ने एटीएम से निकाले नौ लाख, पुलिस ने गिरफ्तारी के बाद किया खुलासा
बलरामपुर में एक पूर्व नौकर ने मालिक का एटीएम कार्ड चुराकर बैंक खाते से लगभग नौ लाख रुपये निकाल लिए और उनसे सामान व घर बनवाया।

HighLights
पूर्व नौकर ने मालिक के एटीएम से नौ लाख निकाले।
आरोपी ने चोरी के पैसों से घर और सामान खरीदा।
पुलिस ने 24 घंटे में आरोपी को गिरफ्तार कर सामान बरामद किया।
जागरण संवाददाता, बलरामपुर। नगर के पूरबटोला पश्चिमी निवासी प्रेम कुमार मिश्र के घर काम करन वाले पूर्व नौकर ने मालिक का एटीएम कार्ड चोरी कर बैंक खाते से लगभग नौ लाख रुपये निकाल लिए। मालिक के बैंक खाते से लगभग नौ लाख रुपये निकालकर बाइक, एयरकंडिशनर, टीवी, कूलर समेत कई सामान खरीदे और घर भी बनवा लिया।
बैंक में रुपये निकालने गए प्रेम को पता चला कि खाता खाली है। बैंक स्टेटमेंट से रुपये निकाले जाने की जानकारी होने पर पीड़ित ने नगर कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने 24 घंटे के अंदर आरोपित पूर्व नौकर पूरबटोला पश्चिमी निवासी सलमान खान उर्फ मन्ना को गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से एसडीएफसी बैंक का रुपे एटीएम कार्ड, 77,500 रुपये नकद और एक मोटोरोला कंपनी का मोबाइल बरामद किया गया है।
अपर पुलिस अधीक्षक विशाल पांडेय ने बताया कि पीड़ित प्रेम कुमार मिश्र पुत्र राम जी मिश्रा ने 20 अगस्त को कोतवाली नगर में तहरीर दी कि उनके पूर्व नौकर सलमान खान उर्फ मन्ना ने उनका एटीएम कार्ड चोरी कर लिया। पिन जानकर बैंक खाते से लगभग नौ लाख रुपये निकालकर खर्च कर दिए।
प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार मिश्र ने मुकदम दर्ज कर विवेचना उपनिरीक्षक सूर्या प्रकाश शर्मा को सौंपी। पुलिस टीम ने शुक्रवार को मुखबिर की सूचना पर सुआंव नाला से गेल्हापुर मार्ग के बीच आरोपित सलमान को गिरफ्तार किया।
पूछताछ में आरोपित ने बताया कि उसने धोखे से एटीएम का पिन जान लिया था और लगभग नौ लाख रुपये निकाल लिए थे। आरोपित की निशानदेही पर पुलिस ने उसके पास से एक काले रंग का पिट्ठू बैग बरामद किया।
बैग में एचडीएफसी बैंक का रुपे एटीएम कार्ड, 77,500 रुपये नकद और एक मोटोरोला कंपनी का मोबाइल बरामद कर लिया। शेष रुपये से उसने अपना घर बनवाया था।
चोरी के रुपये से खरीदे सामान
आरोपित ने चोरी के रुपये से टीवीएस राइडर मोटरसाइकिल, एलसी कंपनी का एयरकंडिशनर, सैमसंग कंपनी का टीवी, समरकूल कंपनी का कूलर, हैवेल्स कंपनी का टुल्लू और रेडमी कंपनी का मोबाइल खरीदा था। आरोपित के पास से सभी सामान बरामद किया गया है।
