बलरामपुर में बकरी ने खा लिया गेहूं, तो पड़ोसियों ने बुजुर्ग को पीटकर मार डाला
बलरामपुर में बकरी द्वारा गेहूं खाने को लेकर हुए विवाद में 60 वर्षीय बुजुर्ग अलमदार की पड़ोसियों ने पीट-पीटकर हत्या कर दी। पुलिस ने मृतक की पत्नी की तहरीर पर चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर दो नामजद समेत तीन को हिरासत में लिया है।
-1795315562769_m.webp)
HighLights
बकरी ने छत पर सूख रहा गेहूं खाया, विवाद बढ़ा।
पड़ोसियों ने 60 वर्षीय बुजुर्ग अलमदार को बेरहमी से पीटा।
पिटाई से घायल बुजुर्ग की इलाज के दौरान मौत हुई।
संवादसूत्र, उतरौला (बलरामपुर)। घर की छत पर सूख रहे गेहूं को पड़ोसी की बकरी ने खा लिया, तो मामला दर्दनाक घटना तक पहुंच गया। गेहूं खराब होने से आक्रोशित लोगों ने बकरी पालक 60 वर्षीय अलमदार निवासी गांधीनगर बरदही बाजार को उलाहना देने के साथ ही जमकर पीट दिया। पिटाई से घायल बुजुर्ग की इलाज के लिए गोंडा ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई।
मृतक की पत्नी नाजिमा बानो की तहरीर पर चार लोगों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया है। इनमें से दो नामजद एवं एक अन्य को पुलिस हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। घटना को लेकर क्षेत्र में तनाव का माहौल है। गांधीनगर बरदही बाजार निवासी अरुण पटेल एवं उनके पड़ोसी अलमदार के घर की छत एक दूसरे से लगी हुई है। शनिवार को अरुण पटेल के घर की छत पर गेहूं फैलाकर सुखाया जा रहा था।
इसी बीच पड़ोसी अलमदार की बकरी सीढ़ियों के रास्ते छत पर चढ़ गई। बकरी अलमदार के छत होते हुए अरुण पटेल की छत पर फैले गेहूं तक पहुंचकर खाने लगी। इस पर नाराज अरुण पटेल उलाहना देने लगे। दोनों में कहासुनी शुरू हो गई। इस पर अरुण ने अपने भाई अजय, दो बेटों लाले और कल्लू समेत 10-15 रिश्तेदारों को बुला लिया। सभी अलमदार के घर पहुंचे और पीटना शुरू कर दिया।
बेरहमी से पिटाई पर अलमदार जमीन पर गिर पड़े। सभी आरोपित उन्हें बेसुध छाेड़कर निकल गए। इसी बीच अलमदार के मुंह से खून आ गया। परिवारजन आनन-फानन में अलमदार को लेकर निजी अस्पताल पहुंचे। यहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाजुक होने पर चिकित्सक ने हायर सेंटर रेफर कर दिया। स्वजन उन्हें लेकर गोंडा जा रहे थे, तभी रास्ते में मौत हो गई। घटना को लेकर लोगों में आक्रोश फैल गया। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए प्रभारी निरीक्षक अवधेश राज सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए।
मृतक की पत्नी नाजिमा बानो ने अरुण पटेल, उनके बेटों कल्लू, लाले एवं भाई अजय पटेल समेत अन्य के विरुद्ध तहरीर दी है। अपर पुलिस अधीक्षक विशाल पांडेय ने भी घटनास्थल का जायजा लिया। एएसपी ने बताया कि नामजद आरोपितों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया है। दो नामजद समेत तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। घटना में जाे भी दोषी होगा, उसे बख्शा नहीं जाएगा।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।