बलिया में सरयू की तेज कटान से बेबस हुए ग्रामीण, खुद ही ढहा रहे जीवन भर की कमाई से बने आशियाने
बलिया के नाहर छपरा में सरयू नदी की तेज कटान से ग्रामीण बेबस हैं, वे अपनी जीवन भर की कमाई ...और पढ़ें
-1794564420113_m.webp)
HighLights
सरयू नदी की तेज कटान से नाहर छपरा गांव में तबाही।
ग्रामीण जीवन भर की कमाई से बने घर खुद तोड़ रहे।
कटान से 150 मकान और 2000 आबादी बेघर होने को मजबूर।
जागरण संवाददाता, बांसडीह (बलिया)। सरयू की लहरें अब सिर्फ जमीन का टुकड़ा नहीं निगल रहीं, बल्कि नाहर छपरा के लोगों के सपनों, अरमानों और पीढ़ियों की विरासत को भी अपने आगोश में समेटती जा रही हैं। कभी हंसी-खुशी से गुलजार रहने वाला महाराजपुर, नाहर छपरा आज बेबसी की कहानी बन गया है। नदी की लहरों का खौफ ऐसा है कि लोग अपनी आंखों के सामने घरों को दरकते देखने के बजाय खुद ही अपने हाथों से उन्हें तोड़ने को मजबूर हैं।
जिस घर की एक-एक ईंट जोड़ने में पूरी जिंदगी खप गई, उसे बचाने के लिए अब उसी घर को मलबे में बदलना पड़ रहा है। कटान की रफ्तार थमने का नाम नहीं ले रही। बाढ़ खंड की ओर से जिओ ट्यूब लगाने और राहत कार्यों के तमाम दावों के बीच ग्रामीणों का दर्द यह है कि जमीन पर हालात जस के तस हैं।
उनका आरोप है कि जियो ट्यूब भी गलत दिशा में लगाई जा रही है, जिससे नाहर छपरा का बड़ा भूभाग पहले ही सरयू की धारा में समा चुका है। दिन-रात जारी कटान ने करीब दो हजार की आबादी और 150 मकानों वाली इस बस्ती के अस्तित्व पर सवाल खड़ा कर दिया है। कटान से बेघर हुए लोग कंपोजिट विद्यालय चितविशाव खुर्द या अपनी रिश्तेदारी में रह रहे हैं।
घर बचाने की आखिरी कोशिश बनी मजबूरी
कटान का मंजर इतना भयावह है कि अब तक रामयश, विनोद, विजेंद्र, जितेंद्र, छट्ठू, चंद्रमा, अशोक, मनोज, रमेश, भीम, छितेश्वर, सुरेश, कमलेश, उमेश, अखिलेश, जयप्रकाश, धर्मनाथ और दीपक समेत करीब 15 परिवार अपने पक्के मकानों को स्वयं ही तोड़कर मलबे में तब्दील कर चुके हैं।
करीब 30 से 35 घरों के लोग किसी तरह घरों से अनाज, कपड़े, बर्तन और जरूरी सामान निकालकर सुरक्षित ठिकानों पर पहुंचाने में जुटे हैं। 10 से 15 परिवार गांव और पुश्तैनी जमीन से नाता टूटने की पीड़ा लेकर रिश्तेदारों के यहां शरण लेने को विवश हो चुके हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।