विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बलिया: आग लगी झोपड़ी में गाय को बचाने के लिए गए रिटायर्ड जवान, छप्पर गिरने से मौत

Published: Mon, 05 Oct 2026 12:19 PM (IST)

बलिया के सरंया गांव में देर रात आवासीय झोपड़ी में आग लगने से सेवानिवृत्त बीएसएफ जवान ध्रुव सिंह की मौत हो गई।

News Article Hero Image

HighLights

  1. बलिया में आवासीय झोपड़ी में आग लगने की घटना।

  2. सेवानिवृत्त बीएसएफ जवान ध्रुव सिंह की दुखद मृत्यु।

  3. गाय बचाने के प्रयास में छप्पर गिरने से हुई मौत।

जागरण संवाददाता, बलिया। पकड़ी थाना क्षेत्र के सरंया गांव में रविवार देर रात आवासीय झोपड़ी में लगी आग में सेवानिवृत्त बीएसएफ जवान 65 वर्षीय ध्रुव सिंह की मौत हो गई।

आग की लपटों में घिरी गाय को बचाने के लिए वह झोपड़ी के अंदर गए थे। इसी दौरान आग से कमजोर हुआ छप्पर भरभराकर उनके ऊपर गिर गया। मलबे में दबने से ध्रुव सिंह और गाय दोनों की मौत हो गई।

आग लगने का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। झोपड़ी से आग की लपटें उठती देख ग्रामीण मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक छप्पर गिर चुका था।

काफी प्रयास के बाद ग्रामीणों ने आग पर काबू पाया। ध्रुव सिंह पूर्व ब्लॉक प्रमुख पंदह मुन्ना सिंह के बड़े भाई थे। उनकी मौत की खबर मिलते ही गांव में मातम पसर गया। पत्नी सावित्री का रो-रोकर बुरा हाल है। उनके दो पुत्र 20 वर्षीय भोला और 30 वर्षीय बलवंत सिंह हैं।

गाय को बचाने के प्रयास में ध्रुव सिंह की जान जाने की घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। ग्रामीण उनके साहस और अंतिम समय तक पशु को बचाने के प्रयास को याद कर भावुक हैं। पकड़ी थानाध्यक्ष रंजीत विश्वकर्मा ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद उनके दरवाजे पर शोक संवेदना व्यक्त करने वालों का तांता लगा रहा।

यह भी पढ़ें- बलिया में तेलंगाना के श्रद्धालुओं से भरी बस को ट्रक ने मारी टक्कर, 15 से ज्यादा यात्री घायल