विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बलिया में तेलंगाना के श्रद्धालुओं से भरी बस को ट्रक ने मारी टक्कर, 15 से ज्यादा यात्री घायल

Published: Mon, 05 Oct 2026 12:07 PM (IST)

बलिया में भरौली-बक्सर गंगा पुल पर तेलंगाना के श्रद्धालुओं से भरी बस की ट्रक से टक्कर हो गई, जिसमें चालक सहित करीब डेढ़ दर्जन लोग घायल हुए।

भरौली-बक्सर गंगा पुल श्रद्धालुओं से भरी बस और ट्रक में टक्कर।

भरौली-बक्सर गंगा पुल श्रद्धालुओं से भरी बस और ट्रक में टक्कर।

HighLights

  1. बलिया में गंगा पुल पर बस-ट्रक की भीषण टक्कर हुई।

  2. तेलंगाना के श्रद्धालु घायल, चालक समेत तीन गंभीर चोटिल।

  3. हादसे के बाद पुल पर लंबा जाम, जेसीबी से बस हटाई।

जागरण संवाददाता, बलिया। तेलंगाना से गया में पिंडदान करने आए श्रद्धालुओं की बस सोमवार सुबह भरौली-बक्सर गंगा पुल पर हादसे का शिकार हो गई।

सुबह करीब 4:30 बजे पुल पर बस की सामने से आ रहे ट्रक से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर के बाद बस में सवार श्रद्धालुओं में चीख-पुकार मच गई। हादसे में बस चालक समेत करीब डेढ़ दर्जन श्रद्धालु घायल हो गए। चालक समेत तीन लोगों को गंभीर चोटें आई हैं। अन्य घायलों की स्थिति सामान्य बताई गई है।

घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मियों ने स्थानीय लोगों की मदद से बस में फंसे घायलों को बाहर निकाला और सभी को उपचार के लिए सदर अस्पताल बलिया भेजा। चिकित्सकों के अनुसार बस चालक की हालत गंभीर बनी हुई है।

गंगा ब्रिज चौकी प्रभारी जितेंद्र सिंह और यातायात प्रभारी रितेश दूबे के अनुसार, तेलंगाना के करमी नगर से श्रद्धालुओं का जत्था बस से गया में पिंडदान करने आया था। पिंडदान के बाद श्रद्धालु बक्सर के रास्ते अयोध्या दर्शन के लिए जा रहे थे।

इसी दौरान सोमवार की सुबह करीब 4:30 बजे भरौली-बक्सर गंगा पुल पर बस की सामने से आ रहे ट्रक से टक्कर हो गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, संभवतः बस चालक को झपकी आने के कारण यह हादसा हुआ।

टक्कर इतनी तेज थी कि बस चालक 50 वर्षीय रमेश रेड्डी के पेट में स्टेयरिंग से गंभीर चोट आई। अधिक घायल श्रद्धालुओं में करमी नगर निवासी 58 वर्षीय रामलुक रेड्डी और 55 वर्षीय लतमा रेड्डी शामिल हैं। चालक समेत इन तीनों को गंभीर चोटें आई हैं। बस में सवार अन्य श्रद्धालुओं को मामूली चोटें आईं। सभी घायलों का सदर अस्पताल में उपचार चल रहा है।

पुल के बीच फंसी बस, दोनों तरफ लगा जाम

हादसे के बाद क्षतिग्रस्त बस गंगा पुल के बीचोंबीच फंस गई। इससे पुल के दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात पूरी तरह ठप हो गया। सूचना के बाद पुलिस ने क्षतिग्रस्त बस को हटाने का प्रयास शुरू किया, लेकिन भारी क्षतिग्रस्त बस को हटाने में काफी परेशानी हुई।

गंगा ब्रिज चौकी प्रभारी जितेंद्र सिंह के अनुसार, पुल पर आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती हैं। ऐसे में दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को तत्काल हटाने के लिए पुल के पास हर समय क्रेन की व्यवस्था जरूरी है। हादसे के बाद एनएचएआई कर्मियों से क्रेन की मांग की गई, लेकिन बताया गया कि दो क्रेन में से एक बक्सर से आरा के बीच रहती है, जबकि दूसरी काफी दिनों से खराब पड़ी है।

क्रेन नहीं मिली तो जेसीबी से हटाई बस

क्रेन उपलब्ध नहीं होने के कारण पुलिस ने जेसीबी मशीन मंगाई। जेसीबी की मदद से क्षतिग्रस्त बस को पीछे से धक्का देकर किसी तरह पुल के दूसरे छोर की ओर ले जाने का प्रयास किया गया। करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद क्षतिग्रस्त बस को पुल से हटाकर मार्ग खाली कराया जा सका।

इसके बाद पुल पर वाहनों का परिचालन दोबारा शुरू हो सका और जाम में फंसे लोगों को राहत मिली। पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर चालक को झपकी आने की बात सामने आ रही है, हालांकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है। हादसे के बाद पुल पर सुरक्षा और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को तत्काल हटाने के लिए क्रेन की स्थायी व्यवस्था की जरूरत भी सामने आई है।

यह भी पढ़ें- 2 साल में सबसे गर्म रहा अक्टूबर, AQI भी सीजन में सबसे खराब; ठंड पर क्या आया अपडेट?