विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बलिया के ऐतिहासिक ददरी मेले का आज होगा भूमि पूजन, कार्तिक पूर्णिमा के बाद बढ़ेगी रौनक

Published: Tue, 17 Nov 2026 05:56 AM (IST)

बलिया में ऐतिहासिक ददरी मेला-2026 की तैयारियां शुरू हो गई हैं, जिसका भूमि पूजन 17 नवंबर को परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह द्वारा किया जाएगा।

प्रतीकात्मक तस्वीर

प्रतीकात्मक तस्वीर

HighLights

  1. ददरी मेला-2026 का भूमि पूजन 17 नवंबर को होगा।

  2. 890 प्लॉट आवंटित, 94.50 लाख रुपये का राजस्व प्राप्त।

  3. पशु बाजार में हरियाणा, पंजाब से व्यापारी पहुंचने लगे।

जागरण संवाददाता, बलिया। ऐतिहासिक ददरी मेला-2026 के आयोजन की तैयारियां शुरू हो गई हैं। नगर पालिकाध्यक्ष संत कुमार गुप्ता उर्फ मिठाई लाल ने बताया कि मंगलवार, 17 नवंबर को सुबह 11 बजे पशु मेला नंदी ग्राम, ददरी मेला परिसर में विधिवत भूमि पूजन किया जाएगा।

समारोह के मुख्य अतिथि प्रदेश सरकार के परिवहन मंत्री एवं बलिया नगर विधायक दयाशंकर सिंह होंगे। कार्तिक पूर्णिमा 24 नवंबर को मनाया जाएगा।इस दिन गंगा में स्नान के बाद मेले की रौनक भी बढ़ जाएगी।

कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में राज्यमंत्री दानिश आजाद अंसारी, विधान परिषद सदस्य रविशंकर सिंह पप्पू, राज्यसभा सांसद नीरज शेखर, पूर्व सांसद वीरेंद्र सिंह मस्त एवं भरत सिंह तथा बांसडीह विधायक केतकी सिंह शामिल होंगे। इसके अलावा जिलाधिकारी ज्ञानेन्द्र सिंह, पुलिस अधीक्षक डॉ. ईराज राजा, अपर जिलाधिकारी अनिल कुमार और नगर मजिस्ट्रेट आशाराम वर्मा की गरिमामयी उपस्थिति रहेगी।

नगर पालिकाध्यक्ष संत कुमार गुप्ता ने बताया कि भूमि पूजन समारोह के लिए जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और गणमान्य लोगों को आमंत्रित किया गया है। उन्होंने नगरवासियों से भी कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की है। नगर पालिका परिषद बलिया की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में समस्त सभासद भी मौजूद रहेंगे।

ददरी मेले में अब तक 890 लट्ठा प्लॉट आवंटित, पालिका को मिले 94.50 लाख रुपये

ऐतिहासिक ददरी मेला-2026 में दुकानों के आवंटन की प्रक्रिया जारी है। सिटी मजिस्ट्रेट आशाराम वर्मा ने बताया कि मेले में कुल 1036 लट्ठा प्लॉट आवंटित किए जाने हैं। इसमें 80 लट्ठा झूलों के लिए निर्धारित किए गए हैं। अब तक दुकानदारों और मीना बाजार के लिए कुल 890 लट्ठा प्लाट आवंटित किए जा चुके हैं।

उन्होंने बताया कि प्लाट आवंटन से नगर पालिका परिषद को अब तक करीब 94 लाख 500 रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ है। दुकानदारों की सुविधा और व्यवस्थित बाजार की व्यवस्था के लिए पूरे मेला क्षेत्र को चार लेन में विभाजित किया गया है। इनमें दक्षिण लेन, मध्य दक्षिण लेन, मध्य उत्तर लेन और उत्तर लेन शामिल हैं। इन्हीं चार लेनों में दुकानदारों और मीना बाजार के लिए प्लाट आवंटित किए जा रहे हैं।

ददरी मेले के पशु बाजार में बढ़ने लगी रौनक, हरियाणा-पंजाब और अयोध्या से पहुंच रहे पशुपालक

ऐतिहासिक ददरी मेले के नंदीग्राम पशु बाजार में धीरे-धीरे रौनक बढ़ने लगी है। मेले में पशुओं की खरीद-बिक्री के लिए हरियाणा, पंजाब, अयोध्या समेत विभिन्न शहरों से पशु व्यापारी और पशुपालक पहुंचने लगे हैं। दूर-दराज से व्यापारियों के आने से पशु बाजार में चहल-पहल बढ़ रही है।

पशु व्यापारियों के पहुंचने के साथ ही मेले में पशुओं की खरीद-बिक्री की तैयारियां भी तेज हो गई हैं। पशु बाजार में विभिन्न नस्लों के पशुओं के आने से मेले की परंपरागत पहचान एक बार फिर जीवंत होने लगी है। ददरी मेले का नंदीग्राम पशु बाजार वर्षों से पशु व्यापार और ग्रामीण अर्थव्यवस्था का महत्वपूर्ण केंद्र रहा है।

आने वाले दिनों में व्यापारियों और पशुओं की संख्या बढ़ने के साथ मेले में और रौनक आने की उम्मीद है। सोमवार को करीब 51 बछिया व 61 घोड़ा-घोड़ी लेकर व्यापारी पहुंचे जिससे 33300 रुपये पालिका को आय हुई।

यह भी पढ़ें- बलिया के गौवापार गांव में एक साथ जलीं चार दोस्तों की चिताएं, पिता ने दी मुखाग्नि

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।