बलिया के गौवापार गांव में एक साथ जलीं चार दोस्तों की चिताएं, पिता ने दी मुखाग्नि
बलिया के नगरा-बेल्थरारोड पर हुए दर्दनाक सड़क हादसे में जान गंवाने वाले गौवापार गांव के चार दोस्तों का रविवार को ...और पढ़ें

बलिया में सड़क हादसे में चार दोस्तों की मौत, गौवापार गांव में पसरा मातम।
HighLights
सड़क हादसे में चार दोस्तों की दर्दनाक मौत हुई।
गौवापार गांव में एक साथ हुआ अंतिम संस्कार।
पिता ने दी मुखाग्नि, गांव में गहरा मातम।
जागरण संवाददाता, नगरा (बलिया)। नगरा-बेल्थरारोड मार्ग पर निछुवाडीह के समीप हुए दर्दनाक सड़क हादसे में जान गंवाने वाले गौवापार गांव के चारों युवकों का रविवार को गांव के ही श्मशान घाट पर अंतिम संस्कार किया गया। एक साथ चार दोस्तों की अर्थियां गांव से उठीं तो पूरा गौवापार और कुर्मीटोला परिजनों की चीख-पुकार से गूंज उठा। चार नौजवानों की एक साथ अंतिम विदाई का दृश्य देखकर हर किसी की आंखें नम हो गईं। पूरे गांव में मातम पसरा रहा और परिजनों के करुण क्रंदन से माहौल गमगीन हो गया।
चारों युवकों की मौत की खबर से पहले ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई थी। रविवार को अंतिम संस्कार की तैयारी शुरू होते ही मृतकों के घरों पर ग्रामीणों और रिश्तेदारों की भीड़ जुटने लगी। अपने लाडलों को अंतिम विदाई देने पहुंचे लोगों की आंखें नम थीं। जैसे ही चारों दोस्तों की अर्थियां एक साथ गांव से निकलीं, परिजनों की चीख-पुकार से माहौल और भी हृदयविदारक हो गया। इस दुख की घड़ी में ग्रामीण पीड़ित परिवारों को ढांढस बंधाते रहे।
बेटों को मुखाग्नि देते पिता का दृश्य देख हर आंख हुई नम
अंतिम संस्कार के दौरान सबसे भावुक पल तब आया, जब चारों युवकों के पिता ने अपने-अपने पुत्रों को मुखाग्नि दी। जिन हाथों ने बचपन में उन्हें सहारा देकर चलना सिखाया था, उन्हीं हाथों से बेटों को अंतिम विदाई देने का दृश्य देखकर वहां मौजूद हर व्यक्ति भावुक हो उठा। चार परिवारों के चिराग एक साथ बुझ जाने से पूरे गांव में शोक का माहौल है। परिजनों का विलाप सुनकर लोगों की आंखों से आंसू थमने का नाम नहीं ले रहे थे।
तेज रफ्तार कार पेड़ से टकराई, चार दोस्तों की चली गई जान
गत शनिवार देर रात चारों दोस्त कार से नगरा आ रहे थे। इसी दौरान निछुवाडीह के समीप तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। हादसा इतना भीषण था कि कार सवार गोलू, कुणाल, धनंजय पटेल और अभिषेक पटेल की मौत हो गई। चारों युवकों की असामयिक मौत ने उनके परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया है। इस हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया।
अंतिम संस्कार में डा. संतोष कुमार, पूर्व विधायक गोरख पासवान, पूर्व विधायक धनंजय कन्नौजिया, चेयरमैन प्रतिनिधि उमाशंकर राम, छठ्ठू राम सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता और बड़ी संख्या में ग्रामवासी मौजूद रहे। सभी ने शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।