बलिया में ऐतिहासिक ददरी मेले की तैयारियां तेज, कार्तिक पूर्णिमा स्नान के साथ 24 नवंबर से होगा आगाज
बलिया में ऐतिहासिक ददरी मेले की तैयारियां तेज हो गई हैं, जिसमें कार्तिक पूर्णिमा स्नान के साथ 24 नवंबर से रौनक बढ़ेगी।

ददरी मेले में सजने लगीं चर्खियां।
HighLights
ऐतिहासिक ददरी मेले की तैयारियां बलिया में तेज।
कार्तिक पूर्णिमा स्नान के साथ 24 नवंबर से शुरू।
मेले में लगभग 700 दुकानें लगाई जा रही हैं।
जागरण संवाददाता, बलिया। ऐतिहासिक ददरी मेले की रौनक अब धीरे-धीरे बढ़ने लगी है। कार्तिक पूर्णिमा के पावन स्नान में महज दो दिन शेष रहने के साथ ही मेला क्षेत्र में तैयारियां तेज हो गई हैं।
दूर-दराज के जनपदों से पहुंचे दुकानदार अपने आवंटित स्थानों पर दुकानें सजाने और उन्हें अंतिम रूप देने में जुटे हैं। इस बार मेले में करीब 700 दुकानें लगाई जा रही हैं। मेले में खिलौने, घरेलू सामान, कपड़े, खानपान और मनोरंजन से जुड़ी दुकानें श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बनेंगी।
दुकानदार अपने प्रतिष्ठानों की साफ-सफाई, साज-सज्जा और सामान व्यवस्थित करने में लगे हैं। मेले में जगह-जगह दुकानें सजने से रौनक बढ़ने लगी है। सनातन संस्कृति और आध्यात्मिक परंपरा से जुड़ा ददरी मेला कार्तिक पूर्णिमा स्नान के साथ 24 नवंबर को शुरू होगा।
गंगा स्नान के बाद श्रद्धालुओं के मेले में पहुंचने और खरीदारी करने की पुरानी परंपरा रही है। यही कारण है कि दुकानदारों के लिए यह मेला कारोबार का बड़ा अवसर माना जाता है।
23 नवंबर से ही शहर में श्रद्धालुओं का आगमन शुरू होने की उम्मीद है। इसे देखते हुए मेला क्षेत्र में साफ-सफाई, साज-सज्जा और श्रद्धालुओं की सुविधा से जुड़े इंतजामों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। घाट से लेकर पार्किंग तक व्यवस्थाएं दुरुस्त करने की तैयारी है।