बलिया में ददरी मेले की बढ़ने लगी रौनक, दुकानों को अंतिम रूप देने में जुटे कारोबारी
बलिया में ऐतिहासिक ददरी मेले की रौनक बढ़ने लगी है, कार्तिक पूर्णिमा स्नान से पहले 700 दुकानें सजाई जा रही हैं। इस बार बदायूं का झूला मुख्य आकर्षण होगा, जिसका ठेका 1.60 करोड़ रुपये से अधिक में दिया गया है।
-1795240351529_m.webp)
यह तस्वीर एआई द्वारा बनाई गई है।
HighLights
ददरी मेले में कार्तिक पूर्णिमा स्नान से पहले बढ़ रही रौनक।
लगभग 700 दुकानें सजाने की तैयारी, कारोबारियों में उत्साह।
बदायूं का झूला इस बार मेले का मुख्य आकर्षण होगा।
जागरण संवाददाता, बलिया। ऐतिहासिक ददरी मेले की रौनक अब धीरे-धीरे बढ़ने लगी है। कार्तिक पूर्णिमा के पावन स्नान में महज दो दिन शेष हैं और मेले में दुकानें सजाने की तैयारी तेज हो गई है। दूर-दराज के जनपदों से पहुंचे दुकानदार अपने आवंटित स्थानों पर साफ-सफाई और दुकान लगाने में जुट गए हैं।
इस बार मेले में लगभग 700 दुकानें स्थापित की जा रही हैं। कहीं खिलौनों की दुकानें सजेंगी तो कहीं घरेलू सामान, खानपान, कपड़े और मनोरंजन के साधनों से मेला गुलजार होगा।
सनातन संस्कृति और आध्यात्मिक परंपरा से जुड़ा ददरी मेला कार्तिक पूर्णिमा स्नान के साथ 24 नवंबर को शुरू होगा। गंगा स्नान के बाद श्रद्धालुओं के मेले में पहुंचने और खरीदारी करने की पुरानी परंपरा है। यही वजह है कि दुकानदारों के लिए यह मेला कारोबार का बड़ा अवसर भी होता है। 23 नवंबर से ही शहर में श्रद्धालुओं का आगमन शुरू हो जाएगा। ऐसे में दुकानदार समय से अपनी दुकानें तैयार करने में लगे हैं।
मेले में इस बार बदायूं का झूला लोगों के आकर्षण का केंद्र रहेगा। झूला संचालन का ठेका 1.60 करोड़ रुपये से अधिक में दिया गया है। पिछले वर्ष इसकी नीलामी से 1.32 करोड़ रुपये का राजस्व मिला था। इस बार इसमें 28.50 लाख रुपये की वृद्धि हुई है। चरखी, ब्रेक डांस, रेंजर झूला और मौत का कुआं तैयार करने में कारीगर जुटे हैं।