विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बल‍िया में ईवीएम प्रदर्शन में खुली तकनीकी व्यवस्था की पोल, दोनों मशीनें निकलीं खराब

By Ravindra Kumar Singh Edited By: Abhishek sharma
Published: Fri, 20 Nov 2026 04:06 PM (IST)

बैरिया, बलिया में विधानसभा चुनाव से पहले मतदाता जागरूकता के लिए आयोजित ईवीएम प्रदर्शन में तकनीकी खराबी सामने आई। प्रदर्शन के लिए लाई गईं दोनों मशीनें खराब निकलीं, जिससे कार्यक्रम में तीन घंटे की देरी हुई और लोगों में निराशा हुई।

खराब ईवीएम मशीनों को ठीक कराने में जुटे टेक्नीशियनों के साथ न्यायिक उप जिलाधिकारी धर्मेंद्र कुमार, तहसीलदार कृपा शंकर एवं अन्य अधिकारी।

खराब ईवीएम मशीनों को ठीक कराने में जुटे टेक्नीशियनों के साथ न्यायिक उप जिलाधिकारी धर्मेंद्र कुमार, तहसीलदार कृपा शंकर एवं अन्य अधिकारी।

HighLights

  1. बैरिया में ईवीएम प्रदर्शन कार्यक्रम में तकनीकी समस्या।

  2. दोनों ईवीएम मशीनें शुरुआत में खराब पाई गईं।

  3. तीन घंटे बाद मशीनें ठीक कर प्रदर्शन संपन्न हुआ।

जागरण संवाददाता बैरिया(बलिया)।आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों और मतदाताओं को मतदान प्रक्रिया की जानकारी देने के उद्देश्य से आयोजित ईवीएम प्रदर्शन कार्यक्रम पहले ही दिन तकनीकी अव्यवस्था की भेंट चढ़ता नजर आया। शुक्रवार को बैरिया तहसील परिसर में आयोजित मतदाता जागरूकता अभियान के दौरान प्रदर्शन के लिए लाई गईं दोनों ईवीएम मशीनें ही खराब निकलीं।

हैरानी की बात यह रही कि जिला मुख्यालय से आए दो टेक्नीशियन भी तत्काल मशीनों को चालू नहीं कर सके। करीब तीन घंटे तक चली मशक्कत के बाद मशीनें दुरुस्त हो सकीं,तब जाकर प्रदर्शन की औपचारिकता पूरी कराई गई। दरअसल तहसील प्रशासन की ओर से आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर मतदाताओं को ईवीएम के माध्यम से मतदान करने की प्रक्रिया समझाने के लिए यह कार्यक्रम आयोजित किया गया था।

इसके लिए जिला मुख्यालय से दो टेक्नीशियनों को भी बुलाया गया था,लेकिन प्रदर्शन शुरू होने से पहले ही दोनों मशीनों में तकनीकी खराबी सामने आ गई।इससे कार्यक्रम में व्यवधान उत्पन्न हो गया और मौके पर मौजूद लोगों को इंतजार करना पड़ा। मशीनों को ठीक करने के लिए टेक्नीशियनों ने काफी प्रयास किया,लेकिन सफलता नहीं मिली।

इसके बाद न्यायिक उप जिलाधिकारी धर्मेंद्र कुमार और तहसीलदार कृपा शंकर भी मशीनों को दुरुस्त कराने के प्रयास में जुटे रहे। लगभग तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद टेक्नीशियनों ने दोनों मशीनों को चालू किया।इसके बाद ईवीएम प्रदर्शन का कार्यक्रम शुरू हो सका।ईवीएम जैसी महत्वपूर्ण चुनावी व्यवस्था के प्रदर्शन के दौरान ही मशीनों के खराब हो जाने से वहां मौजूद लोगों में निराशा देखने को मिली।

जिस अभियान के जरिए मतदाताओं में मतदान प्रक्रिया को लेकर भरोसा और जागरूकता बढ़ाने का उद्देश्य था, उसकी शुरुआत ही तकनीकी खामी के कारण प्रभावित हो गई। इस संबंध में तहसीलदार कृपा शंकर ने बताया कि कुछ तकनीकी कारणों से ईवीएम मशीनों में खराबी आ गई थी। बाद में टेक्नीशियनों ने उन्हें ठीक कर दिया,जिसके बाद प्रदर्शन का कार्य संपन्न करा दिया गया।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।