विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बलिया के ददरी मेले में गोविंदा-सलमान अली बिखेरेंगे जलवा, भोजपुरी-बॉलीवुड सितारों से सजेगी महफिल

Published: Sat, 07 Nov 2026 06:27 PM (IST)

बलिया के ऐतिहासिक ददरी मेले में इस बार गोविंदा, सलमान अली, कल्पना पटवारी जैसे बॉलीवुड और भोजपुरी कलाकार अपनी प्रस्तुति देंगे।

News Article Hero Image

HighLights

  1. ददरी मेले में गोविंदा, सलमान अली, कल्पना पटवारी देंगे प्रस्तुति।

  2. 80 एकड़ में आयोजित होगा भव्य सांस्कृतिक और धार्मिक मेला।

  3. संत समागम, कवि सम्मेलन, कव्वाली भी होंगे प्रमुख आकर्षण।

जागरण संवाददाता, बलिया। महर्षि भृगु की पावन धरती पर लगने वाले ऐतिहासिक ददरी मेले को इस बार भव्य और आकर्षक बनाने की तैयारी है। करीब 80 एकड़ क्षेत्रफल में आयोजित होने वाले मेले में इस बार सांस्कृतिक, धार्मिक और मनोरंजन से जुड़े विविध कार्यक्रमों की महफिल सजेगी।

भोजपुरी और बॉलीवुड कलाकारों की प्रस्तुतियों के साथ संत समागम, कवि सम्मेलन, मुशायरा और कव्वाली का आयोजन भी किया जाएगा। पांच दिसंबर से शुरू होने वाले प्रमुख सांस्कृतिक कार्यक्रमों का सिलसिला 20 दिसंबर तक चलेगा।

आठ दिसंबर को बॉलीवुड नाइट का आयोजन

नगरपालिका के अध्यक्ष संतकुमार गुप्ता उर्फ मिठाई लाल ने बताया कि मेले में पांच दिसंबर को प्रसिद्ध लोकगायिका कल्पना पटवारी अपनी प्रस्तुति देंगी। इसके बाद आठ दिसंबर को बॉलीवुड नाइट का आयोजन होगा, जिसमें गायक सलमान अली और लिपिका समानता अपनी आवाज का जादू बिखेरेंगी।

वहीं, 11 दिसंबर को भोजपुरी संगीत की महफिल सजेगी। इस कार्यक्रम में भोजपुरी गायक समर सिंह, खुशी कक्कड़ और सोना सिंह प्रस्तुति देंगे। मुंबई डांस ग्रुप की ओर से माही झा और मनीषा झा भी अपनी कला का प्रदर्शन करेंगी।

संत समागम से लेकर बॉलीवुड कलाकारों तक का जमावड़ा

धार्मिक और आध्यात्मिक माहौल के बीच 13 दिसंबर को संत समागम का आयोजन किया जाएगा। इसमें संत-महात्मा शामिल होकर श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक संदेश देंगे। इसके अगले दिन 14 दिसंबर को बालीवुड अभिनेता गोविंदा मेले में पहुंचेंगे। उनके आगमन को लेकर दर्शकों में खास उत्साह रहने की उम्मीद है।

कवि सम्मेलन, मुशायरा और कव्वाली भी होंगे आकर्षण

सांस्कृतिक कार्यक्रमों की कड़ी में 17 दिसंबर को कवि सम्मेलन और मुशायरे का आयोजन होगा। इसमें साहित्य और शायरी के माध्यम से श्रोता मनोरंजन के साथ साहित्यिक प्रस्तुतियों का आनंद ले सकेंगे। वहीं, 19 दिसंबर को कव्वाली की महफिल सजेगी। विभिन्न कार्यक्रमों के बाद 20 दिसंबर को ऐतिहासिक ददरी मेले का समापन होगा।

ददरी मेला बलिया की सांस्कृतिक पहचान और परंपरा का महत्वपूर्ण हिस्सा है। हर साल यहां बड़ी संख्या में लोग खरीदारी, मनोरंजन और धार्मिक आयोजनों में भाग लेने पहुंचते हैं। इस बार 80 एकड़ में लगने वाले मेले में विविध सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के आयोजन से मेले की रौनक बढ़ने की उम्मीद है।

12, 13 और 14 नवंबर को नंदीग्राम पशु मेला परिसर में होगा आवंटन

नगर पालिका परिषद की ओर से दुकानदारों को भूमि का आवंटन पहले आओ-पहले पाओ के आधार पर किया जाएगा। इसके लिए 12, 13 और 14 नवंबर को नंदीग्राम पशु मेला परिसर में भूमि आवंटन की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। नगर पालिका की ओर से अलग-अलग पंक्तियों के लिए चार काउंटर बनाए जाएंगे, जहां निर्धारित शुल्क जमा करने के बाद दुकानदारों को भूमि आवंटित की जाएगी।

नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष संत कुमार गुप्ता ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि ददरी मेला मीना बाजार में दुकानदारों को भूमि आवंटित करने के लिए आवश्यक आदेश जारी कर दिए गए हैं। निर्धारित तिथियों के बाद किसी भी दुकानदार को भूमि आवंटित नहीं की जाएगी।

इसके साथ ही पूरा शुल्क जमा नहीं करने वालों को भी आवंटन का लाभ नहीं मिलेगा। अध्यक्ष ने बताया कि मीना बाजार में चार अलग-अलग पंक्तियों के लिए प्रति लट्ठा भूमि का शुल्क निर्धारित किया गया है।

इसके तहत दक्षिण से उत्तरमुखी पंक्ति में 14 हजार रुपये, मध्य पंक्ति उत्तरमुखी में 11 हजार रुपये, मध्य पंक्ति दक्षिणमुखी में 12 हजार रुपये तथा उत्तर से दक्षिणमुखी पंक्ति में 14 हजार रुपये प्रति लट्ठा की दर तय की गई है।

यह भी पढ़ें- Magh Mela 2027 : मेला क्षेत्र को शहर से जोड़ने वाले 10 प्रमुख मार्ग जगमगाएंगे, 30 चौराहों का होगा सुंदरीकरण

यह भी पढ़ें- उत्तर भारत का प्रसिद्ध तिगरी मेला: सजने लगे झूले, कोतवाली में बनेगा कंट्रोल रूम, टेंट में रुकेंगे पुलिसवाले

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।