बलिया में हुआ सड़क हादसा, डंपर निकालने के बाद लौट रही हाइड्रा की चपेट में आने से युवक की मौत
बलिया के जगदीशपुर गांव में डंपर निकालने के बाद लौट रही हाइड्रा मशीन की चपेट में आने से 50 वर्षीय युवक की मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और मामले की जांच कर रही है।

प्रतीकात्मक तस्वीर।
HighLights
बलिया में हाइड्रा मशीन की चपेट में आने से युवक की मौत।
डंपर निकालने के बाद लौटते समय हुआ यह दर्दनाक हादसा।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा, जांच जारी।
जागरण संवाददाता, फेफना (बलिया)। क्षेत्र के जगदीशपुर गांव में शनिवार की देर रात दर्दनाक हादसे में 50 वर्षीय युवक की मौत हो गई। गांव में फंसे डंपर को निकालने के लिए बुलाई गई हाइड्रा मशीन की चपेट में आने से युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई।
जानकारी के अनुसार, जगदीशपुर गांव में एक डंपर कहीं फंस गया था। उसे बाहर निकालने के लिए हाइड्रा मशीन बुलाई गई थी। डंपर को निकालने के बाद हाइड्रा मशीन पियरियां की तरफ जा रही थी। इसी दौरान जगदीशपुर गांव में अचानक हाइड्रा असंतुलित हो गई और उसकी चपेट में 50 वर्षीय सोहन प्रसाद राजभर पुत्र स्व. केशव प्रसाद राजभर आ गए।
वह उभांव थाना क्षेत्र के चौकियां मोड़ के निवासी थे। हादसा इतना गंभीर था कि उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर जुटे लोगों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही फेफना थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। इस संबंध में फेफना थानाध्यक्ष मनोज कुमार पांडेय ने बताया कि हाइड्रा की चपेट में आने से युवक की मौत हुई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। आवश्यक कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।