बलिया की तीन विधानसभा क्षेत्रों में लगेगा रोजगार मेला, 25 से अधिक कंपनियां करेंगी भर्ती
बलिया की तीन विधानसभाओं में 2, 4 और 6 नवंबर को वृहद रोजगार मेले आयोजित होंगे। इनमें 25 से अधिक प्रतिष्ठित कंपनियां विभिन्न पदों पर अभ्यर्थियों का चयन करेंगी।

इस फोटो को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।
HighLights
बलिया में तीन विधानसभाओं में वृहद रोजगार मेले का आयोजन।
25 से अधिक कंपनियां विभिन्न पदों पर करेंगी भर्ती।
अभ्यर्थियों को 12 से 35 हजार रुपये मासिक वेतन मिलेगा।
जागरण संवाददाता, बलिया। उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन के तहत तीन विधानसभा क्षेत्रों में वृहद रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। बेल्थरारोड, बैरिया और बांसडीह विधानसभा क्षेत्रों में क्रमशः दो, चार और छह नवंबर को रोजगार मेले आयोजित होंगे।
इनमें देशभर की 25 से अधिक प्रतिष्ठित कंपनियां प्रतिभाग करेंगी और विभिन्न पदों पर अभ्यर्थियों का निश्शुल्क चयन करेंगी। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, बेल्थरारोड विधानसभा क्षेत्र का रोजगार मेला दो नवंबर को देवेंद्र पीजी कॉलेज, बेल्थरारोड में आयोजित होगा।
वहीं, बैरिया विधानसभा क्षेत्र का मेला चार नवंबर को श्री सुदृष्टि बाबा स्नातकोत्तर महाविद्यालय, सुदिष्टपुरी (रानीगंज) में तथा बांसडीह विधानसभा क्षेत्र का मेला छह नवंबर को स्नातकोत्तर महाविद्यालय, बांसडीह में लगेगा। तीनों स्थानों पर मेले की शुरुआत सुबह 10 बजे से होगी।
यह कंपनियां प्रतिभाग करेंगी, देंगी रोजगार
रोजगार मेले में प्रोमोकाश आउटसोर्सिंग सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड के माध्यम से अतुल आटो, फ्लिपकार्ट, केल्विन पाइप, सिल्वर कंज्यूमर इलेक्ट्रिक और टाटा मोटर्स सहित एलएंडटी, महिंद्रा, वेब्स कारपोरेशन प्राइवेट लिमिटेड, सेफ एक्सप्रेस लाजिस्टिक्स, अशोक लेलैंड, एमआरएफ टायर्स, हिंदुजा लेलैंड और सुब्रोस जैसी कंपनियां हिस्सा लेंगी।
कंपनियों की ओर से सुरक्षा गार्ड, ऑपरेशन असिस्टेंट, मशीन ऑपरेटर, हेल्पर, कंस्ट्रक्शन वर्कर, सेल्स ट्रेनर, सेल्स आफिसर, सुपरवाइजर और टेक्नीशियन समेत विभिन्न पदों पर भर्ती की जाएगी जिन्हें 12 से 35 हजार रुपये प्रतिमाह वेतन मिलेंगे।
अकुशल श्रमिकों के साथ ही आठवीं, दसवीं, बारहवीं, स्नातक, परास्नातक, आईटीआई और डिप्लोमा उत्तीर्ण अभ्यर्थी भी शामिल हो सकते हैं। इच्छुक अभ्यर्थियों को रोजगार संगम पोर्टल https://rojgaarsangam.up.gov.in पर पंजीयन करा लें।
यह भी पढ़ें- पेंशनधारकों के लिए बड़ी राहत, अब मोबाइल एप से घर बैठे बनेगा डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट; देखें प्रोसेस