विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बलिया में फुटबॉल महासंग्राम का होगा शंखनाद, नेशनल चैंपियन बनने उतरेंगी 36 टीमें

Published: Sun, 01 Nov 2026 08:09 PM (IST)

बलिया में 2 से 6 नवंबर तक 70वीं राष्ट्रीय विद्यालयी फुटबाल प्रतियोगिता का आयोजन हो रहा है। इसमें अंडर-17 बालक ...और पढ़ें

फुटबाल महासंग्राम का होगा शंखनाद।

फुटबाल महासंग्राम का होगा शंखनाद।

HighLights

  1. बलिया में 70वीं राष्ट्रीय विद्यालयी फुटबाल प्रतियोगिता का शुभारंभ।

  2. अंडर-17 बालक वर्ग की 36 टीमें लेंगी हिस्सा।

  3. पांच दिनों में पांच मैदानों पर होंगे कुल 80 मैच।

जागरण संवाददाता, बलिया। स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के तत्वावधान में आयोजित 70वीं राष्ट्रीय विद्यालयी फुटबाल प्रतियोगिता का सोमवार को शंखनाद होगा। दो से छह नवंबर तक चलने वाली अंडर-17 बालक वर्ग की इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता का उद्घाटन वीर लोरिक स्पोर्ट्स स्टेडियम में किया जाएगा। प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने वाली सभी 36 टीमें देर रात तक जनपद पहुंच गईं।

नेशनल चैंपियन बनने के लिए 644 खिलाड़ी मैदान पर अपना दमखम दिखाएंगे। आयोजन को लेकर खेल प्रेमियों में खासा उत्साह है। संयुक्त शिक्षा निदेशक आजमगढ़ डॉ. राजेश आर्य के नेतृत्व में आयोजन समिति के सदस्य रविवार को तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटे रहे। वीर लोरिक स्पोर्ट्स स्टेडियम में मंच और खेल मैदान को तैयार किया गया।

नोडल शशि प्रकाश राय और इफ्तखार खान की देखरेख में सांस्कृतिक कार्यक्रमों का पूर्वाभ्यास भी हुआ। स्कूल गेम्स फेडरेशन आफ इंडिया के फील्ड आफिसर द्रोणवीर और राज्य विद्यालयी क्रीड़ा संस्थान के पर्यवेक्षक नईम खान की देखरेख में खिलाड़ियों के पंजीकरण और सत्यापन का कार्य किया गया।

सभी समितियों के नोडल अधिकारियों ने स्टेडियम में बैठक कर अपनी-अपनी जिम्मेदारियों और कार्ययोजना पर चर्चा की। देर शाम प्रतियोगिता में शामिल होने वाली टीमों के प्रशिक्षकों और प्रबंधकों की बैठक भी आयोजित की गई। इसमें खिलाड़ियों के आवास, भोजन, यातायात और खेल मैदानों तक पहुंचने की व्यवस्था की समीक्षा की गई।

पांच खेल मैदानों पर होंगे 80 मुकाबले

राष्ट्रीय प्रतियोगिता के मुकाबले जिले के पांच खेल मैदानों पर कराए जाएंगे। उद्घाटन और समापन समारोह वीर लोरिक स्पोर्ट्स स्टेडियम में होगा। इसके अलावा टाउन पॉलिटेक्निक में दो मैदान, रामदहीन सिंह इंटर कॉलेज में एक और मिनी स्टेडियम शेर में मुकाबले खेले जाएंगे। पांच दिनों में लीग कम नॉकआउट आधार पर कुल 80 मैच आयोजित होंगे।

क्रीड़ा अधिकारी जवाहर लाल यादव, प्रतियोगिता समन्वयक दिनेश कुमार सिंह, अरविंद कुमार सिंह, पंकज सिंह, दिनेश प्रसाद, प्रदीप यादव, शशि प्रकाश राय, अजीत सिंह, दिलीप राय, दानिश मोहसिन, भूपेश सिंह, विनोद सिंह, रामजनम, अबरार अहमद खान, पंकज आर्य, पंकज यादव, सुनील चौरसिया, अनूप राय, पवन आर्य, प्रवेंद्र यादव, नरेंद्र यादव, अजीत कुमार और मनोज पाल सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें- UP PET परीक्षार्थियों को मैथ और हिस्ट्री के सवालों ने उलझाया, गाजीपुर में 5165 अभ्यर्थी रहे अनुपस्थित

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।