विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बलिया में ददरी मेले के लिए 17 नवंबर को होगा भूमि पूजन, कार्तिक पूर्णिमा स्नान की तैयारियां भी तेज

Published: Wed, 04 Nov 2026 07:37 PM (IST)

बलिया में ऐतिहासिक ददरी मेले और कार्तिक पूर्णिमा स्नान की तैयारियां तेज हो गई हैं। जिलाधिकारी की अध्यक्षता में हुई ...और पढ़ें

यह तस्वीर AI जेनेरेटेड है

यह तस्वीर AI जेनेरेटेड है

HighLights

  1. ददरी मेले का भूमि पूजन 17 नवंबर को होगा।

  2. कार्तिक पूर्णिमा स्नान 23 और 24 नवंबर को।

  3. मेले में सांस्कृतिक कार्यक्रमों की होगी धूम।

जागरण संवाददाता, बलिया। ऐतिहासिक ददरी मेला एवं कार्तिक पूर्णिमा स्नान को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय अधिकारियों की बैठक हुई। इसमें मेले और स्नान पर्व को सुरक्षित, शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। कहा कि 17 नवंबर को ददरी मेले का भूमि पूजन होगा।

पशु मेला नौ से 30 नवंबर तक आयोजित किया जाएगा, जबकि मीना बाजार 24 नवंबर से 20 दिसंबर तक लगेगा। वहीं, 23 एवं 24 नवंबर को कार्तिक पूर्णिमा का स्नान होगा। स्नान पर्व को देखते हुए महावीर घाट से पीडब्ल्यूडी स्टोर तक पार्किंग की व्यवस्था करने तथा वहां से शवदाह गृह तक कच्ची सड़क तैयार कराने के निर्देश दिए।

शवदाह गृह से स्नान घाट तक श्रद्धालुओं के आवागमन की समुचित व्यवस्था होगी। घाट पर पर्याप्त प्रकाश, महिलाओं के लिए चेंजिंग रूम, बैरिकेडिंग, नाव, विद्युत व्यवस्था और पेयजल उपलब्ध कराने को कहा गया।

बिहार सीमा पर लगेगी प्रचार होर्डिंग

डीएम ने ददरी मेले के प्रचार-प्रसार के लिए बिहार सीमा पर होर्डिंग लगाने और शहर की एलईडी स्क्रीन पर प्रचार कराने के निर्देश दिए। मेला परिसर में साफ-सफाई, प्रकाश और शौचालय की पर्याप्त व्यवस्था के साथ चार स्थानों पर पार्किंग बनाने को कहा।

सुरक्षा के लिए थाना एवं पुलिस चौकी स्थापित करने के लिए स्थान चिह्नित करने तथा किसानों से संबंधित 89 एकड़ भूमि अधिग्रहण की कार्रवाई शीघ्र पूरी कराने के निर्देश भी दिए। सीडीओ आलोक कुमार, एडीएम अनिल कुमार, सिटी मजिस्ट्रेट आसाराम वर्मा, चेयरमैन संत कुमार गुप्ता उर्फ मिठाई लाल सहित जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।

भारतेंदु मंच पर होंगी सांस्कृतिक प्रस्तुतियां

ददरी मेले में 27 नवंबर को चेतन प्रतियोगिता, 30 नवंबर को दंगल, एक से पांच दिसंबर तक खेल प्रतियोगिताएं होंगी। इसके अलावा पांच दिसंबर को भक्ति नाइट्स, आठ को म्यूजिक नाइट्स, 11 को भोजपुरी नाइट्स, 13 को संत समागम, 15 को बालीवुड नाइट्स, 17 को कवि सम्मेलन और 19 दिसंबर को कव्वाली का आयोजन होगा।

यह भी पढ़ें- बलिया में सरयू कटान का कहर, नदी में बदला बैरिया का प्राथमिक विद्यालय

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।