बलिया में सरयू कटान का कहर, नदी में बदला बैरिया का प्राथमिक विद्यालय
सरयू नदी की तेज कटान से बैरिया के सुरेमनपुर दियरांचल में उपजाऊ जमीन और मकान खतरे में हैं।

हाल ही में एक प्राथमिक विद्यालय का कमरा नदी में समा गया, जिससे ग्रामीण दहशत में हैं और प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
HighLights
सरयू नदी की तेज कटान से जमीन का कटाव जारी।
वशिष्ठ नगर के दो दर्जन से अधिक घर खतरे में।
प्राथमिक विद्यालय का एक कमरा नदी में समाया।
जागरण संवाददाता, बैरिया(बलिया)। सुरेमनपुर दियरांचल में सरयू नदी की कटान का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। नदी की तेज कटान से उपजाऊ जमीन लगातार धारा में समाती जा रही है। अब वशिष्ठ नगर के दो दर्जन से अधिक परिवारों के आशियानों पर भी खतरा मंडराने लगा है। कटान की जद में आए ग्रामीण अपना घर-बार छोड़कर सुरक्षित स्थानों पर पलायन की तैयारी कर रहे हैं।
बुधवार को धूपनाथ के डेरा स्थित प्राथमिक विद्यालय का एक कमरा भी सरयू नदी में समा गया। इससे ग्रामीणों में दहशत और बढ़ गई है। वशिष्ठ नगर के दीनानाथ यादव, बच्चा यादव, शुभम, तेजन, हरिकिशुन और मंजू देवी सहित दो दर्जन से अधिक लोगों के मकान कटान के मुहाने पर पहुंच गए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि नदी जिस तेजी से जमीन निगल रही है, उससे कभी भी उनके घर नदी में समा सकते हैं।
दीनानाथ यादव और धूपनाथ यादव ने बताया कि झरकटहां से नवकागांव होते हुए चाई छपरा तक करीब 10 किलोमीटर के दायरे में कटान जारी है। इसकी चपेट में नवकागांव, मांझा, मानगढ़, धूपनाथ का डेरा, वशिष्ठ नगर, गोपालनगर, गोपालनगर टांडी और शिवाल मठिया की बस्तियां प्रभावित हो रही हैं। वहीं चाई छपरा से बकुल्हां तक किसानों की उपजाऊ कृषि भूमि नदी में विलीन होती जा रही है।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि इतनी गंभीर समस्या के बावजूद शासन-प्रशासन और जनप्रतिनिधियों की ओर से प्रभावी कदम नहीं उठाए जा रहे हैं। वशिष्ठ नगर के ग्रामीणों ने सांसद और विधायक पर भी कटान की समस्या की अनदेखी करने का आरोप लगाया। उनका कहना है कि यदि सरकार उनकी पीड़ा नहीं सुन रही है तो जनप्रतिनिधियों को उनके साथ धरने पर बैठकर आंदोलन का नेतृत्व करना चाहिए।
ग्रामीणों ने प्रशासन से कटान रोकने के लिए तत्काल प्रभावी उपाय करने और प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थान पर बसाने की मांग की है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।