विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बलिया में 100 केंद्रों पर होगी धान खरीद, एमएसपी बढ़ने से किसानों को मिलेगा लाभ

Published: Thu, 15 Oct 2026 05:08 PM (GMT+05:30)

बलिया जिले में खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के लिए 100 धान खरीद केंद्र स्थापित किए जाएंगे, जहां 1 नवंबर से खरीद शुरू होगी।

News Article Hero Image

HighLights

  1. बलिया में 100 धान खरीद केंद्र स्थापित होंगे।

  2. एमएसपी में ₹72 की वृद्धि से किसानों को लाभ।

  3. सामान्य धान ₹2441, ए-ग्रेड धान ₹2461 प्रति क्विंटल।

जागरण संवाददाता, बलिया। जिले में धान खरीद की तैयारियां शुरू हो गई हैं। खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में किसानों की सुविधा के लिए जिले में 100 क्रय केंद्र बनाए जाएंगे। इन केंद्रों पर एक नवंबर से सरकारी समर्थन मूल्य पर धान की खरीद शुरू होगी। इस बार धान का न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) बढ़ाए जाने से किसानों को अपनी उपज का पिछले वर्ष की तुलना में अधिक दाम मिलेगा।

केंद्र सरकार ने खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के लिए सामान्य धान का एमएसपी 72 रुपये बढ़ाकर 2441 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया है। ए ग्रेड धान 2461 रुपये प्रति क्विंटल की दर से खरीदा जाएगा। धान खरीद की तारीख नजदीक आने के साथ ही क्रय केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाएं दुरुस्त करने की तैयारी की जा रही है।

69 हजार हेक्टेयर में हुई धान की खेती

जिले में इस बार करीब 69 हजार हेक्टेयर क्षेत्रफल में धान की खेती की गई है। फिलहाल फसल की कटाई शुरू नहीं हुई है, लेकिन किसान धान बेचने की तैयारी में जुट गए हैं। किसानों का कहना है कि इस बार फसल को पर्याप्त पानी मिलने से उत्पादन अच्छा होने की उम्मीद है। यदि मौसम अनुकूल रहा तो पैदावार बेहतर हो सकती है। पिछले वर्ष धान खरीद के लिए 54 क्रय केंद्र खोले गए थे। 1.03 लाख टन धान खरीद का लक्ष्य निर्धारित किया गया था, इस बार भी लक्ष्य की इसी के अनुपात में रहने की उम्मीद है।

सिकंदरपुर तहसील में 13 क्रय केंद्र खुलेंगे

खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में धान खरीद के लिए सिकंदरपुर तहसील के पंदह और नवानगर ब्लाक में कुल 13 क्रय केंद्रों को मंजूरी दी गई है। पंदह ब्लाक में सात केंद्र बनाए गए हैं। इनमें खाद्य एवं विपणन शाखा के पंदह प्रथम और द्वितीय के अलावा साधन सहकारी समिति पकड़ी, मिश्रौली, खेजुरी, एकइल और चरवां-बरवां शामिल हैं। नवानगर ब्लाक में छह केंद्र निर्धारित किए गए हैं। इनमें खाद्य एवं विपणन शाखा के सिकंदरपुर प्रथम और द्वितीय तथा साधन सहकारी समिति भांटी, दूहा बिहरा, देवकली और सिवानकला शामिल हैं।

धान खरीद के लिए जनपद में 100 क्रय केंद्र खोले जा रहे हैं। इसका अनुमोदन हो चुका है। क्रय केंद्र पर किसानों की सुविधा का पूरा ध्यान रखा जाएगा।

-अखिलेश कुमार सिंह, जिला विपणन अधिकारी, बलिया।

यह भी पढ़ें- यूपी में रबी बोआई के लिए किसानों को 50% अनुदान पर मिलेंगे बीज, धान में पीले-काले दाने दिखने पर हो जाएं सतर्क

यह भी पढ़ें- द‍िव्‍या म‍ित्‍तल ने 'जननीत‍ि भारत पार्टी' के तीन वचनों के साथ शुरू की यूपी में स‍ियासत, 2027 में विधानसभा चुनाव लड़ने का ऐलान