बलिया की आस्था सिंह ने UPSC में लहराया परचम, जियो-साइंटिस्ट बन जिले का नाम किया रोशन
बलिया के पिपरा कलां गांव की आस्था सिंह ने संघ लोक सेवा आयोग की परीक्षा में जियो-साइंटिस्ट के पद पर चयनित होकर जिले का नाम रोशन किया है।

बलिया की आस्था सिंह का यूपीएससी में चयन।
HighLights
आस्था सिंह का यूपीएससी में जियो-साइंटिस्ट पद पर चयन।
बलिया के पिपरा कलां गांव की निवासी, क्षेत्र में हर्ष का माहौल।
मेधावी छात्रा रहीं, छत्तीसगढ़ से स्नातकोत्तर में स्वर्ण पदक विजेता।
जागरण संवाददाता, बलिया। जिले के पिपरा कलां गांव निवासी आस्था सिंह का संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) की चयन प्रक्रिया के तहत जियो-साइंटिस्ट (भू-वैज्ञानिक) पद पर चयन हुआ है। उनकी इस उपलब्धि से परिवार सहित क्षेत्र में हर्ष का माहौल है। शुभचिंतकों और क्षेत्रवासियों ने उन्हें बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। आस्था सिंह शुरू से ही मेधावी छात्रा रही हैं।
उन्होंने छत्तीसगढ़ के रायपुर स्थित रविशंकर विश्वविद्यालय से स्नातकोत्तर की पढ़ाई के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक हासिल किया था। शैक्षणिक क्षेत्र में अपनी प्रतिभा साबित करने के बाद उन्होंने यूपीएससी की चयन प्रक्रिया में सफलता प्राप्त की।
उनकी इस उपलब्धि को मेहनत, लगन और लक्ष्य के प्रति समर्पण का परिणाम माना जा रहा है। आस्था की सफलता से पिपरा कलां गांव सहित पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
उनकी उपलब्धि को खासकर छात्राओं और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए प्रेरणादायक माना जा रहा है। आस्था के पति मिहिर सिंह भी पेशे से आर्किटेक्ट हैं।
उन्हें वर्ष 2019 में भारत सरकार की ओर से आयोजित स्मार्ट सिटी कान्क्लेव में विजेता के रूप में सम्मानित किया गया था। दंपती ने अपने-अपने क्षेत्र में उपलब्धियां हासिल कर परिवार और जिले का मान बढ़ाया है।
यह भी पढ़ें- शिवांगी ने बिना कोचिंग के UPSC परीक्षा में नौवीं रैंक लाकर लहराया परचम, बनेंगी असिस्टेंट जल भू वैज्ञानिक
