बहराइच में मैलानी-नानपारा रेल रूट पर ट्रेनों का संचालन बहाल, ढाई महीने बाद यात्रियों को मिली राहत
नानापारा-मैलानी रेल प्रखंड पर ढाई महीने बाद ट्रेनों का संचालन फिर से शुरू हो गया है, जिससे यात्रियों में खुशी है।

जल रिसाव के कारण बंद हुई सेवा बहाल होने से अब यात्री कम खर्च में लंबी दूरी की यात्रा कर सकेंगे।
HighLights
नानपारा-मैलानी रेल प्रखंड पर ट्रेनों का संचालन फिर से शुरू।
ढाई माह बाद जल रिसाव की समस्या हुई दूर।
यात्रियों को कम खर्च में लंबी दूरी की यात्रा का लाभ।
संवाद सूत्र, बिछिया (बहराइच)। नानपारा-मैलानी प्रखंड पर सोमवार से ट्रेनों का संचालन शुरू हो गया। इससे यात्रियों में खुशी है। पहले दिन लखीमपुर के मैलानी जंक्शन से चलकर ट्रेन विभिन्न स्टेशनों से होते हुए नानपारा पहुंची। यात्रियों ने कम खर्च में लंबी दूरी की यात्रा तय की।
नानपारा मैलानी मीटर गेज रेल प्रखंड पर भीरा खीरी-पलियाकला के बीच पुराने रेल कटान स्थल पर जल रिसाव के कारण ट्रेनों का संचालन निरस्त हो गया था। ढाई माह से यात्रियों को समस्याएं हो रही थीं, लेकिन लंबे इंतज़ार के बाद एक बार फिर ट्रेनों का संचालन पहले की तरह शुरू हो गया है। सुबह मैलानी से नानपारा के लिए दो ट्रेनें चलाई गईं, जबकि नानपारा से मैलानी के लिए पहले दिन कोई ट्रेन न होने की वजह से मैलानी के लिए ट्रेन नहीं चलाई गई।
मैलानी से नानपारा के लिए पहली ट्रेन नंबर 52264 दोपहर को बिछिया रेलवे स्टेशन पर अपने निर्धारित समय 11:45 से 10 मिनट विलंब से 11: 55 बजे पहुंची, जो पांच मिनट स्टापेज के बाद 12 बजे अगले स्टेशन निशानगाड़ा के लिए रवाना हुई। पहले दिन दो दर्जन के करीब यात्री बिछिया स्टेशन से मिहींपुरवा, रायबोझा और नानपारा के लिए रवाना हुए। दूसरी ट्रेन नंबर 52262 मैलानी से नानपारा के लिए दोपहर तीन बजे बिछिया रेलवे स्टेशन से होकर रवाना हुई।
मुख्य जनसंपर्क अधिकारी लखनऊ हिमांशु राव ने बताया कि मैलानी से नानपारा के बीच दो जोड़ी ट्रेनों का संचालन होता है। इसके आलावा हर शनिवार और रविवार को पर्यटन के लिहाज से एक जोड़ी ट्रेन विस्टाडोम के रूप में संचालन मैलानी से बिछिया के बीच किया जाता है। ट्रेनों का संचालन शुरु होने से समाजसेवी जंग हिंदुस्तानी, सोनू खान, सुशील गुप्त, सरोज यादव, फरीद अंसारी, रवि चौहान, रवि सोनी ने हर्ष जताया है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।